राहुल और प्रियंका को लेकर भाजपा सांसद मीनाक्षी लेखी ने दिया विवादास्पद बयान
इंडिया गेट पर राहुल गांधी के विरोध प्रदर्शन में प्रियंका गांधी के साथ हुई बदतमीजी को लेकर मीनाक्षी लेखी ने कहा कि यहां तक कि प्रियंका की सुरक्षा को लेकर आश्वासन नहीं दिया जा सकता है।
नई दिल्ली, एएनआइ। मुजफ्फरपुर के बालिका गृह में बच्चियों के साथ हुए शोषण के विरोध में राजद दिल्ली में जो प्रदर्शन कर रही है उसमें राहुल गांधी के शामिल होने की खबर पर भाजपा सांसद मीनाक्षी लेखी ने ऐसा बयान दे दिया है जिस पर विवाद हो सकता है।
इस मुद्दे पर मीनाक्षी लेखी कि जाटों के गांव में जो सबसे ज्यादा दारू पीता है और जो सबसे ज्यादा कमजोर होता है वही सरपंच को चैलेंज करता है, ये वैसी ही स्थिति है।
इतना ही नहीं उन्होंने आगे कहा कि हम जानते हैं कि राहुल गांधी के विरोध प्रदर्शन में क्या होता है। पिछले दिनों इंडिया गेट पर राहुल गांधी के विरोध प्रदर्शन के दौरान प्रियंका गांधी के साथ हुई बदतमीजी को लेकर उन्होंने कहा कि यहां प्रियंका की सुरक्षा को लेकर आश्वासन नहीं दिया जा सकता है। अब तेजस्वी यादव उसका हिस्सा हैं तो कोई सुरक्षा नहीं होगी।
बता दें कि बिहार के मुजफ्फरपुर शेल्टर होम मामले के विरोध में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने शनिवार शाम को जंतर-मंतर पर धरने का आयोजन किया है, जिसमें राहुल गांधी, अरविंद केजरीवाल और अन्य विपक्षी नेता हिस्सा लेंगे।