मध्य प्रदेश में सीएए के विरोध में भाजपा के 700 मुस्लिम नेताओं का सामूहिक इस्तीफा
मध्य प्रदेश के जबलपुर में सीएए के विरोध में भाजपा के अल्पसंख्यक मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने पार्टी से सामूहिक इस्तीफा दे दिया है।
जबलपुर, राज्य ब्यूरो। मध्य प्रदेश के जबलपुर में सीएए के विरोध में भाजपा के अल्पसंख्यक मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने पार्टी से सामूहिक इस्तीफा दे दिया है। इस्तीफा देने वालों की संख्या करीब 700 होने का दावा किया गया है।
सीएए के विरोध पर भाजपा ने कई कार्यकर्ताओं को पार्टी से किया निष्कासित
उधर, सीएए का विरोध करने पर भाजपा संगठन ने कई कार्यकर्ताओं को पार्टी की सदस्यता से निष्कासित कर दिया है। भाजपा नगर अध्यक्ष जीएस ठाकुर ने कहा कि विरोध प्रदर्शन में शामिल होने की वजह से यह कार्रवाई की गई है। कई अन्य अल्पसंख्यक कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन में शामिल होने की जानकारी मिली है, जिनसे जवाब मांगा जाएगा। यदि जवाब संतोषजनक नहीं हुआ तो उन्हें भी निष्काषित किया जाएगा।
भाजपा युवा मोर्चा महामंत्री पर रासुका, रीवा जेल भेजा
उज्जैन में बेगमबाग फोरलेन [महाकाल मंदिर के एक पहुंच मार्ग] पर छह दिनों से चल रहे धरने प्रदर्शन पर सियासत गरमा गई है। मंगलवार को श्री महाकालेश्वर भक्तगण संघषर्ष समिति ने धरने का विरोध करते हुए एसडीएम को ज्ञापन सौंपा था। इस दौरान भाजपा युवा मोर्चा के जिला महामंत्री योगेश सांगते ने मीडिया के समक्ष प्रशासन को खुली चुनौती दी थी कि अगर धरना प्रदर्शन खत्म नहीं करवाया गया तो वे स़़डकों पर उतरेंगे और खुद धरना देने वालों को हटाएंगे। इस पर बुधवार को पुलिस-प्रशासन ने सांगते पर रासुका की कार्रवाई कर दी। पुलिस ने सांगते को गिरफ्तार कर रीवा जेल भेज दिया है।
राकेश सिंह ने कहा- भाजपा मूकदर्शक बनकर नहीं बैठेगी
मामले में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राकेश सिंह ने कहा है कि पार्टी इस पर मूकदर्शक बनकर नहीं बैठी रहेगी। बता दें कि महाकाल मंदिर जाने वालों में मार्गो में से एक मार्ग बेगमबाग फोरलेन भी है। छह दिनों से यहां सीएए के विरोध में एक वर्ग विशेष द्वारा धरना प्रदर्शन किया जा रहा है। प्रशासन धारा 144 लागू होने के बाद भी इन्हें नहीं हटा रहा। महाशिवरात्रि और वसंत पंचमी पर्व करीब है। ब़़डी संख्या में श्रद्धालु आएंगे। ऐसे में प्रशासन को सुविधा के लिए धरना प्रदर्शन बंद करवाना चाहिए। संघर्ष समिति ने मंगलवार को एक ज्ञापन एसडीएम राकेश मोहन त्रिपाठी को दिया था।