MP में अकेले नहीं है आकाश, कई दूसरे नेताओं के पुत्रों से भी पार्टी की हो रही किरकिरी
मध्य प्रदेश में आकाश विजयवर्गीय एक अकेला ऐसा नाम नहीं है जिसकी वजह से भाजपा को किरकरी झेलनी पड़ी है। इस फहरिस्त में कई दूसरे नाम भी शामिल है।
भोपाल [नईदुनिया स्टेट ब्यूरो]। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय प्रदेश के एकमात्र नेता नहीं जो अपने बेटे के गलत आचरण के कारण सुर्खियों में हैं, बल्कि ऐसे कई नेता हैं जिनकी हरकतों से भाजपा संगठन को भी किरकिरी का सामना करना पड़ रहा है। सोशल मीडिया से लेकर सियासी मोर्चों में इन नेतापुत्रों की हरकतों के कारण पार्टी को भी बदनामी झेलना पड़ रही है। पिछले कुछ दिन की ही घटनाओं को देखें तो तीन बड़े अपराध में भाजपा नेतापुत्र ही सूत्रधार रहे हैं। गौरतलब है कि इंदौर के भाजपा विधायक और कैलाश विजयवर्गीय के पुत्र आकाश विजयवर्गीय ने बुधवार को क्रिकेट के बल्ले से नगर निगम के अफसरों की पिटाई कर दी थी।
केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल का बेटा जेल में
केंद्रीय राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) प्रल्हाद पटेल के बेटे प्रबल प्रताप सिंह पर कुछ ही दिन पहले नरसिंहपुर जिले की गोटेगांव पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है। प्रबल अभी जेल में है। प्रबल के साथ अन्य 20 लोग भी आरोपी हैं। उसने अपने साथियों के साथ एक होमगार्ड सैनिक ईश्वर राय पर हमला किया। इस दौरान भारी गोलीबारी की गई।
पूर्व मंत्री जालम सिंह पटेल का बेटा फरार
भाजपा सरकार में मंत्री रहे जालम सिंह पटेल का बेटा मोनू पटेल हत्या के प्रयास के मामले में फरार है। मोनू भी प्रल्हाद पटेल के बेटे के साथ आरोपी बनाया गया है। गोटेगांव निवासी मोनू पर कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
विधायक का बेटा भी हुआ गिरफ्तार
भाजपा के पूर्व मंत्री और विधायक कमल पटेल भी अपने बेटे की करतूत के कारण सुर्खियों में हैं। इसी महीने पटेल के बेटे सुदीप को हरदा पुलिस ने कई दिन की फरारी के बाद गिरफ्तार किया था। सुदीप पटेल ने कांग्रेस नेता बामने को जान से मारने की धमकी दी थी। पुलिस ने इस नेता पुत्र पर 25 हजार रुपए का इनाम भी घोषित कर रखा था।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप