विजय दिवस पर गृह मंत्री से लेकर रक्षा मंत्री तक तमाम नेता दे रहे शुभकामनाएं, राहुल गांधी ने कसा तंज
तीन दिसंबर 1971 को पाकिस्तान ने लड़ाई की शुरुआत की थी। अब भारत की जीत को 49 साल हो चुके हैं। वहीं भारतीय सैनिकों के पराक्रम को याद करते हुए बुधवार को तमाम नेताओं द्वारा बधाई दी जा रही है।
नई दिल्ली, एजेंसी। वर्ष 1971 में आज के दिन यानी 16 दिसंबर में भारत ने पाकिस्तान को महज 13 दिनों में ही लड़ाई के दौरान घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया था। तीन दिसंबर, 1971 को पाकिस्तान ने लड़ाई की शुरुआत की थी। अब भारत की जीत को 49 साल हो चुके हैं। वहीं, भारतीय सैनिकों के पराक्रम को याद करते हुए बुधवार को तमाम नेताओं द्वारा बधाई दी जा रही है।
- रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, 'आज विजय दिवस के अवसर मैं भारतीय सेना के शौर्य एवं पराक्रम की परम्परा को नमन करता हूं। मैं स्मरण करता हूं उन जांबाज सैनिकों की बहादुरी को जिन्होंने 1971 के युद्ध में एक नई शौर्यगाथा लिखी। उनका त्याग और बलिदान सभी भारतीयों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। यह देश उन्हें हमेशा याद रखेगा।
-कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी विजय दिवस के मौके पर ट्वीट किया। उन्होंने लिखा, ' साल 1971 में भारत की पाकिस्तान पर ऐतिहासिक जीत के उत्सव पर देशवासियों को शुभकामनाएं और सेना के शौर्य को नमन।' उसके आगे उन्होंने कहा कि ये उस समय की बात है जब भारत के पड़ोसी देश भारत के प्रधानमंत्री का लोहा मानते थे और हमारे देश की सीमा का उल्लंघन करने से डरते थे!'
-गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, '1971 में आज ही के दिन भारतीय सेना ने अपने अदम्य साहस और पराक्रम से मानवीय स्वतंत्रता के सार्वभौमिक मूल्यों की रक्षा करते हुए विश्व मानचित्र पर एक ऐतिहासिक बदलाव किया। इतिहास में स्वर्ण अक्षरों से अंकित यह शौर्यगाथा हर भारतीय को गौरवान्वित करती रहेगी। विजय दिवस की शुभकामनाएं।'