Mamata vs CBI-धरने पर बैठीं ममता बनर्जी, विपक्ष का समर्थन, बंगाल के कई शहरों में प्रदर्शन
कोलकाता पुलिस कमिश्नर के घर पर CBI के छापे को लेकर ममता बनर्जी ने पीएम मोदी पर जमकर हमला बोला।
कोलकाता, जेएनएन। कोलकाता पुलिस कमिश्नर के घर पर सीबीआइ के छापे को लेकर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी कोलकाता में मेट्रो चैनल के पास धरने पर बैठ गईं हैं। इस मौके पर उनके साथ कोलकाता पुलिस आयुक्त राजीव कुमार समेत अन्य पुलिस अफसर थे।
पश्चिम बंगाल के कई शहरों में तृणमूल कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया है। कई जगहों पर ट्रेनों को रोके जाने की खबर है। सीबीआइ ने मामले में बातचीत करने के लिए पश्चिम बंगाल के राज्यपाल केसरीनाथ त्रिपाठी से समय मांगा है। सूत्रों के अनुसार सीबीआइ कल सुप्रीम कोर्ट जा सकती है। सीबीआइ पश्चिम बंगाल पुलिस के खिलाफ अवमानना का केस कर सकती है।
ममता को इन नेताओं को मिला समर्थन
ममता बनर्जी के धरने को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा, नेशनल कांफ्रेस के नेता उमर अब्दुल्ला, सपा के अध्यक्ष अखिलेश यादव, राजद के नेता तेजस्वी यादव, डीएमके नेता एमके स्टालिन, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू, बसपा सुप्रीमो मायावती, एनसीपी नेता शरद पवार, आप के नेता और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का समर्थन मिला है।
सीबीआइ अजित डोभाल के इशारे पर कर रही है काम
कोलकाता पुलिस आयुक्त राजीव कुमार घर के बाहर मीडिया को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि हमारा धैर्य जवाब दे रहा है। सीबीआइ पर प्रधानमंत्री मोदी दबाव डाल रहे हैं। भाजपा को भरोसा हो गया है कि उसका एक्सपायरी डेट आ गया है। इसलिए पीएम मोदी ने सीबीआइ से कहा कि कुछ तो करो। सीबीआइ एनएसए अजित डोभाल के इशारे पर काम कर रही है।
भाजपा बंगाल पर अत्याचार कर रही है। इस बीच पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने ऐलान किया है कि वह मोदी सरकार के खिलाफ धरने पर बैठेंगी। उन्होंने कहा कि देश में इमरजेंसी से भी बुरे हालात हैं। वह जबरन बंगाल को नष्ट करने की कोशिश कर रही हैं क्योंकि मैंने ब्रिगेड रैली की थी। कल आपने पीएम की भाषा देखी, जहां उन्होंने धमकी दी थी। पीएम मोदी और अमित शाह बदले की राजनीति कर रहे हैं। भाजपा की इक्सपायरी डेट करीब आ रही है।
विपक्ष के नेताओं ने किया समर्थन
इस घटनाक्रम पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ट्वीट कर कहा कि ममता दीदी के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं। मोदी ओर शाह संवैधानिक संस्थाओं को नष्ट कर रहे हैं। पूरा विपक्ष एकजुट होकर फासिस्ट ताकतों को हराएगा।
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार की उत्पीड़नकारी नीतियों और सीबीआइ के खुलेआम राजनीतिक दुरुपयोग के कारण जिस तरह देश, संविधान और जनता की आज़ादी ख़तरे में है, उसके ख़िलाफ़ ममता बनर्जी जी के धरने का हम पूर्ण समर्थन करते हैं। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से फोन से बात की है। उन्होंने धरने का समर्थन किया है। बताया जाता है कि केजरीवाल कल धरने के समर्थन में कोलकाता जा सकते हैं।
राजद नेता और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव ने कहा कि देश का आम आवाम भाजपा और उसकी गठबंधन सहयोगी पक्षपाती सीबीआइ के खिलाफ है। हम ममता जी के साथ खड़े है। तानाशाही का नंगा नाच हो रहा है। लोकतंत्र पर सबसे बड़ा खतरा। संविधान और संवैधानिक संस्थाओं पर अभूतपूर्व संकट। चुनावी जीत के लिए देश को गृह युद्ध में झोंकने की कोशिश।
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि कोलकाता में हुए घटनाक्रम की कड़े शब्दों में निंदा करते हैं। यह स्पष्ट उदाहरण है कि किस प्रकार मोदी और शाह संस्थाओं को नष्ट कर रहे हैं। लोकसभा चुनाव से कुछ दिनों पहले अलग-अलग राज्यों के राजनीतिक विरोधियों पर हमला किया जा रहा है। इसके देश में विनाशकारी परिणाम होंगे।
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राजद के नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि बीते कुछ महीनो में सीबीआइ पर भाजपा दफ्तर के दवाब में लिए गए राजनीतिक निर्णयों के कारण राज्य सरकारों को ऐसा निर्णय लेना पड़ेगा। अगर अब भी सीबीआइ भाजपा के गठबंधन सहयोगी की तरह कार्यरत रही तो किसी दिन न्यायप्रिय आम अवाम अपने तरीके से इनका हिसाब ना कर दे। लोकतंत्र में जनता से बड़ा कोई नहीं। पूर्व वित्त मंत्री यशवंत सिन्हा ने कहा कि प्रधानमंत्री लोकतंत्र की सभी संस्थाओं को नष्ट कर रहे हैं। अब वह देश के संघीय ढांचे को नष्ट कर रहे हैं। जागिए और रोकिए, कहीं देर न हो जाए।
सीबीआइ ने रखा अपना पक्ष
अंतरिम सीबीआइ प्रमुख एम नागेश्वर राव ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर चिटफंड घोटाले की जांच हो रही है। कोर्ट के निर्देश पर पश्चिम बंगाल सरकार ने एसआइटी बनाई थी। पुलिस कमिश्नर राजीव कुमार के पास ही सारे सबूत थे। उन्होंने सभी सबूतों को जब्त कर लिया है। वे दस्तावेजों को सौंपने में हमारा सहयोग नहीं कर रहे हैं। बहुत सारे सबूत नष्ट हो गए हैं या गायब हो गए हैं।
भाजपा ने सीबीआइ की कार्रवाई का बाधित करने की निंदा की
भाजपा नेता जीवीएल नरसिंहा राव ने कहा कि सीबीआइ सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर काम कर रही है। किसी भी राज्य सरकार के पास उन्हें बाधित करने या रोकने की शक्ति नहीं है। यह असंवैधानिक और अलोकतात्रिक है। हमें उम्मीद है कि पश्चिम बंगाल सरकार को सुप्रीम कोर्ट निर्देश देगा। नहीं तो देश में कोई एजेंसी देश में काम नहीं कर पाएगी।