सोशल मीडिया में ट्रोल हुईं ममता; वो कुछ भी ट्वीट करें, लोग कमेंट में लिख रहे 'जय श्रीराम'
ट्विटर पर भाजपा व तृणमूल समर्थकों के बीच जंग चल रही है। ममता बनर्जी कुछ भी ट्वीट करती है तो भाजपा समर्थित लोग जय श्री राम का कमेंट कर रहे हैं। वहीं टीएमसी के लोग बचाव कर रहे हैं।
कोलकाता, जेएनएन। सड़क से लेकर सोशल मीडिया तक एक नारा पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को परेशान किए हुए हैं। जिस 'जय श्रीराम' के नारे को वह भाजपा का सियासी स्टंट करार दिए नहीं थक रही हैं, अब उसे भाजपा समर्थकों ने हथियार बना लिया है। आलम यह है कि ममता बनर्जी किसी भी विषय पर ट्वीट करें, मगर ज्यादातर लोग कमेंट बॉक्स में 'जय श्रीराम' लिख रहे हैं।
बुधवार को भारत-दक्षिण अफ्रीका के बीच खेले गए क्रिकेट विश्व कप के मैच से पहले मुख्यमंत्री ने अपने ट्विटर हैंडल के जरिये भारतीय क्रिकेट टीम को शुभकामनाएं दीं। उनके शुभकामना देते ही लोगों ने कमेंट करना शुरू कर दिया। इनमें खास बात यह रही कि ज्यादातर लोगों ने कमेंट में केवल 'जय श्रीराम' लिखा।
हालांकि, यह पहला मौका नहीं था, जब उनके ट्वीट के जवाब में लोगों ने जय श्रीराम लिखा हो। लोकसभा चुनाव के दौरान, जब से मुख्यमंत्री ने जय श्रीराम के उद्घोष को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की है, तभी से उनके ट्वीट पर ज्यादातर लोग जय श्रीराम लिखकर कमेंट कर रहे हैं।
तृणमूल प्रमुख ने छह जून की सुबह करीब छह बजे अपना पहला ट्वीट किया। इसमें उन्होंने असम के पूर्व मुख्यमंत्री व स्वतंत्रता सेनानी लोकप्रिय नेता गोपीनाथ बोरदोलोई की जयंती पर श्रद्धांजलि दी। लेकिन, इस पर भी वहीं कमेंट देखे गए। करीब 200 से अधिक लोगों ने उनके वॉल पोस्ट पर जय श्रीराम लिखा है।
बात यहीं नहीं थमी। उनके दूसरे ट्वीट, जिसमें उन्होंने अभिनेता व कांग्रेस सांसद रहे स्वर्गीय सुनील दत्त को जन्मदिन पर श्रद्धांजलि दी, उस पर भी ज्यादातर लोगों ने जय श्रीराम लिखकर कमेंट किया। ममता बनर्जी के ट्विटर पर जय श्रीराम के कमेंट को देख तृणमूल समर्थक भी सक्रिय हो गए हैं।
उन्होंने जय श्रीराम लिखने वालों को भगवान से सद्बुद्धि देने की कामना की। इसके साथ ही जय श्रीराम के जवाब में जय मां काली और जय बांग्ला का नारा दिया। ममता के ट्विटर पर देवी-देवताओं के नाम पर लोगों के विचारों का संघर्ष जारी है। खैर, ट्विटर-कमेंट-वार पर खुद मुख्यमंत्री ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप