मल्लिकार्जुन खड़गे के बिगड़े बोल, कहा- यदि कांग्रेस 40 सीट से ज्यादा लाई तो क्या फांसी लगा लेंगे मोदी
मल्लिकार्जुन खड़गे ने एक विवादित बयान में कहा है कि यदि कांग्रेस को 40 से ज्यादा सीटें मिल गईं तो क्या मोदी दिल्ली के विजय चौक में फांसी लगा लेंगे...?
बेंगलूरू, एजेंसी। Lok Sabha Elections 2019 लोकसभा चुनाव में नेताओं की बदजुबानी थमती नहीं दिखाई दे रही है। इसी कड़ी में वरिष्ठ कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर दिया गया एक विवादित बयान सामने आया है। खड़गे ने रविवार को कर्नाटक के कलबुर्गी में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि वह (नरेंद्र मोदी) जहां भी जाते हैं, कहते हैं कि कांग्रेस को लोकसभा चुनाव में 40 सीटें भी नहीं मिलेंगी। क्या आपमें से कोई भी इस बात को मानता है...? यदि हमें (कांग्रेस) 40 से ज्यादा सीटें मिल गईं तो क्या मोदी दिल्ली के विजय चौक में फांसी लगा लेंगे...?
बता दें कि कांग्रेस को साल 2014 के लोकसभा चुनाव में 44 सीटें मिली थीं। भाजपा के पक्ष में जबरदस्त मोदी लहर थी जिसके कारण उसे 282 सीटें मिली थीं, जबकि अन्य के खाते में 217 सीटें गई थीं। इससे पहले साल 2009 के आम चुनावों में कांग्रेस को 206 सीटें मिली थीं जबकि भाजपा के खाते में 116 सीटें ही आ पाई थीं। साल 2004 में भाजपा और कांग्रेस के बीच जीत का फासला ज्यादा नहीं था। कांग्रेस के खाते में 145 जबकि भाजपा को 138 सीटें मिली थीं।
कांग्रेस नेता खड़गे के इस बयान पर भाजपा आक्रामक हो गई है। वरिष्ठ भाजपा नेता और सांसद शोभा करंदलाजे ने खड़गे से इस बयान पर माफी मांगने की मांग की है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि मुझे इतने वरिष्ठ नेता से ऐसे अशोभनीय बयान की उम्मीद नहीं थी। झूठे आरोप, अपमानजनक टिप्पणियां कांग्रेस के लिए आम हो गए हैं, खड़गे को इस बयान के लिए माफी मांगनी चाहिए। इससे पहले खड़गे ने रैली में कहा कि मोदी खुद को पिछड़ी जाति का बताते हैं लेकिन वह केवल पूंजीपतियों की मदद कर रहे हैं।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप