Maharashtra Crisis: महाराष्ट्र में राजनीतिक हलचल तेज, फ्लोर टेस्ट के खिलाफ शाम 5 बजे SC में सुनवाई; शिंदे बोले- हमारे पास बहुमत
महाराष्ट्र सरकार को कल यानी 30 जून को फ्लोर टेस्ट का सामना करना होगा। उधर शिवसेना ने राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी के फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की है। शिवसेना ने फ्लोर टेस्ट के फैसले को कोर्ट में चुनौती दी है।
नई दिल्ली, आनलाइन डेस्क। महाराष्ट्र में पिछले कुछ दिनों से जारी सियासी संकट और गहरा गया है। महाराष्ट्र सरकार के लिए कल परीक्षा की घड़ी है। दरअसल, राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने 30 जून को विधानसभा का विशेष सत्र बुलाया है। इस विशेष सत्र में सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे के बीच फ्लोर टेस्ट होगा। महा विकास आघाड़ी सरकार को इस दौरान बहुमत साबित करना होगा।
सुनवाई के लिए राजी हुआ सुप्रीम कोर्ट
वहीं, राज्यपाल के फैसले के खिलाफ शिवसेना ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है। शिवसेना के चीफ व्हिप सुनील प्रभु ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की है। सुप्रीम कोर्ट भी याचिका पर सुनवाई के लिए राजी हो गया है। आज शाम 5 बजे इस मामले में सुनवाई होगी। शिवसेना की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी सरकार का पक्ष रखेंगे।
महाराष्ट्र में फ्लोर टेस्ट का मामला पहुंचा सुप्रीम कोर्ट। उद्धव गुट ने कोर्ट से आज ही तत्काल मामले पर सुनवाई की मांग की। कोर्ट ने मांग स्वीकारी, आज शाम 5 बजे कोर्ट मामले पर करेगा सुनवाई। महाराष्ट्र में कल होना है फ्लोर टेस्ट।@JagranNews— Mala Dixit (@mdixitjagran) June 29, 2022
शिवसेना के सांसद संजय राउत ने कि यह एक गैरकानूनी गतिविधि है क्योंकि हमारे 16 विधायकों की अयोग्यता का मामला सुप्रीम कोर्ट में लंबित है। संविधान की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। राज्यपाल को बस इसी पल का इंतजार था।
बैठकों का दौर जारी
राज्यपाल के फ्लोर टेस्ट कराने के आदेश के बाद बैठकों का दौर जारी है। एनसीपी चीफ शरद पवार के घर पार्टी नेताओं की बैठक हुई। उधर, पूर्व सीएम और भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस ने पार्टी नेताओं की बैठक बुलाई।
राज्यपाल ने दिया फ्लोर टेस्ट का आदेश
बता दें कि बुधवार सुबह राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने गुरुवार को फ्लोर टेस्ट का आदेश दिया। उन्होंने विधानसभा सचिव को एक चिट्ठी लिखी है। इससे पहले महाराष्ट्र विधानसभा में विपक्ष के नेता देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार को 8 निर्दलीय विधायकों के साथ महाराष्ट्र के राज्यपाल को एक पत्र सौंपा था जिसमें तत्काल फ्लोर टेस्ट की मांग की गई थी।
Maharashtra Governor Bhagat Singh Koshyari has written to state Assembly secretary to convene a special session of the State Assembly on June 30, with the only agenda of a trust vote against CM Uddhav Thackeray pic.twitter.com/9M5htIIE9R
— ANI (@ANI) June 29, 2022
सभी बागी विधायकों के साथ मुंबई पहुंचेंगे एकनाथ शिंदे
उधर, एकनाथ शिंदे सभी बागी विधायकों के साथ 30 जून को मुंबई पहुंचेंगे। शिंदे ने बुधवार सुबह अन्य विधायकों के साथ गुवाहाटी में स्थित कामाख्या देवी मंदिर में पूजा अर्चना की। मंदिर से निकलने के बाद उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा 'मैं यहां महाराष्ट्र की शांति और खुशी के लिए प्रार्थना करने आया हूं। फ्लोर टेस्ट के लिए कल मुंबई जाऊंगा और सभी प्रक्रिया का पालन करूंगा।'
गोवा के होटल में रुकेंगे बागी विधायक- सूत्र
एएनआइ ने सूत्रों के हवाले से बड़ी जानकारी दी है। सूत्रों के मुताबिक, महाराष्ट्र के बागी विधायक आज गोवा रवाना होंगे। इसके लिए ताज रिजार्ट एंड कन्वेंशन सेंटर गोवा में 70 कमरे बुक किए गए हैं। बागी विधायक कल मुंबई के लिए उड़ान भरेंगे और सीधे महाराष्ट्र विधानसभा जाएंगे। सूत्रों का कहना है कि बीजेपी ने अपने विधायकों को आज शाम मुंबई के ताज प्रेसिडेंट होटल में इकट्ठा होने का निर्देश दिया।