महाराष्ट्र कांग्रेस में टूट, राधाकृष्ण पाटिल के बाद अब्दुल सत्तार ने भी MLA पद से दिया इस्तीफा
महाराष्ट्र कांग्रेस के नेता राधाकृष्ण विखे पाटिल के बाद अब्दुल सत्तार ने भी MLA पद से इस्तीफा दे दिया है। माना जा रहा है कि दोनों जल्द ही भाजपा में शामिल हो सकते हैं।
मुंबई, एएनआइ। महाराष्ट्र में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। कांग्रेस नेता राधाकृष्ण विखे पाटिल और पूर्व मंत्री अब्दुल सत्तार ने विधायक (MLA) के पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष को अपना इस्तीफा सौंप दिया है। माना जा रहा है कि दोनों ही नेता जल्द भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो सकते हैं।
राधाकृष्ण विखे पाटिल ने कांग्रेस MLA पद से इस्तीफा देने के बाद कहा कि मैंने लोकसभा चुनाव के दौरान पार्टी के लिए प्रचार भी नहीं किया था। मुझे हाईकमान पर कोई संदेह नहीं है, उन्होंने मुझे विपक्ष का नेता बनाकर मुझे मौका दिया था। मैंने अच्छा काम करने की कोशिश की लेकिन हालातों ने मुझे इस्तीफा देने पर मजबूर कर दिया।
वहीं, इस्तीफा देने के बाद अब्दुल सत्तार ने कहा कि 8 से 10 कांग्रेस विधायक भाजपा के संपर्क में हैं। उन्होंने कहा कि जिस तरह से राज्य में कांग्रेस नेतृत्व काम कर रहा है, उससे निराश होकर मैने इस्तीफा दिया है। राज्य का नेतृत्व पार्टी को यहां खत्म कर रहा है।
बता दें कि इससे पहले 25 अप्रैल को ही राधाकृष्ण विखे पाटिल ने महाराष्ट्र विधानसभा के नेता विपक्ष पद से इस्तीफा दिया था। पार्टी ने उनका इस्तीफा स्वीकार भी कर लिया था। गौरतलब है कि पाटिल के पुत्र सुजय विखे पाटिल कुछ समय पहले सीएम देवेंद्र फड़नवीस की मौजूदगी में भाजपा में शामिल हो गए थे।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप