विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 15, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Fadnavis Cabinet: फडणवीस मंत्रिमंडल की लिस्ट से कई दिग्गजों के नाम कटे, शिंदे के दो करीबियों की भी छुट्टी

Published: Sun, 15 Dec 2024 08:04 PM (IST)Updated: Sun, 15 Dec 2024 08:51 PM (IST)

महाराष्ट्र में भाजपा नीत महायुति गठबंधन मंत्रिमंडल का रविवार को नागपुर में विस्तार हुआ। सीएम फडणवीस मंत्रिमंडल में 39 मंत्रियों ...और पढ़ें

फडणवीस के मंत्रिमंडल में आज 39 ने ली शपथ (Photo - PTI)
फडणवीस के मंत्रिमंडल में आज 39 ने ली शपथ (Photo - PTI)

HighLights

  1. महाराष्ट्र सीएम फडणवीस मंत्रिमंडल में कुल मंत्रियों की संख्या 42 हो गई
  2. नागपुर में शुरू हो रहे शीतकालीन सत्र से एक दिन पहले मंत्रिमंडल विस्तार

राज्य ब्यूरो, मुंबई। 15 दिसंबरः महाराष्ट्र की भाजपानीत महायुति सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार में कई दिग्गज नेताओं का पत्ता कट गया है। जबकि कई नए चेहरों को सामाजिक एवं क्षेत्रीय संतुलन के साथ स्थान प्राप्त हुआ है। इस प्रकार मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के मंत्रिमंडल में आज 39 नए चेहरों को शामिल किया गया।

33 कैबिनेट मंत्री एवं छह राज्यमंत्री

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में भाजपानीत महायुति को भारी बहुमत मिलने के बाद पांच दिसंबर को भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस ने मुख्यमंत्री पद की, एवं पूर्व मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री अजीत पवार ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। 10 दिन बाद रविवार को राज्य की उपराजधानी नागपुर के राजभवन में हुए मंत्रिमंडल विस्तार में राज्यपाल सी.पी.राधाकृष्णन ने 39 नए मंत्रियों को शपथ दिलवाई। इनमें 33 कैबिनेट मंत्री एवं छह राज्यमंत्री हैं।

फडणवीस के मंत्रिमंडल में आज 39 ने ली शपथ

संख्या के आधार पर भाजपा के 19, शिवसेना के 11 एवं राकांपा के नौ मंत्रियों को शपथ दिलवाई गई। अब मुख्यमंत्री एवं दो उपमुख्यमंत्रियों को मिलाकर राज्य मंत्रिमंडल में कुल मंत्रियों की संख्या 42 हो गई है। यह मंत्रिमंडल विस्तार राज्य विधानमंडल के नागपुर में शुरू हो रहे शीतकालीन सत्र से ठीक एक दिन पहले हुआ है।

दिग्गज नेताओं का पत्ता काट

आज हुए मंत्रिमंडल विस्तार में सरकार में शामिल तीनों दलों ने अपने कुछ दिग्गज नेताओं का पत्ता काट दिया है। इनमें अजीत पवार की राकांपा से छगन भुजबल, भारतीय जनता पार्टी से सुधीर मुनगंटीवार एवं शिवसेना से अब्दुल सत्तार एवं दीपक केसरकर के नाम शामिल हैं।

शिंदे के करीबी की भी छुट्टी

छगन भुजबल राकांपा के तो वरिष्ठ नेता हैं ही, महाराष्ट्र में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के भी सबसे वरिष्ठ नेता माने जाते हैं। इसी प्रकार सुधीर मुनगंटीवार भाजपा के वरिष्ठ नेता हैं। वह 1995 में पहली बार बनी शिवसेना-भाजपा गठबंधन सरकार सहित 2014 की फडणवीस सरकार एवं 2022 की शिंदे सरकार में भी मंत्री रह चुके हैं। वहीं अब्दुल सत्तार एवं दीपक केसरकर उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के करीबी माने जाते हैं। इस बार इन दोनों का भी पत्ता कट गया है।

इनको मिला मौका

नए मंत्रिमंडल में चार महिला सदस्यों को भी शामिल किया गया है। इनमें पहले भी मंत्री रह चुकीं पंकजा मुंडे, अदिति तटकरे एवं पहली बार मंत्री बनीं माधुरी मिसाल एवं मेघना बोर्डीकर शामिल हैं। यह भी एक संयोग ही है कि इस मंत्रिमंडल में भाजपा की ओर से पंकजा मुंडे एवं राकांपा कोटे से उनके चचेरे भाई धनंजय मुंडे मंत्री बनाए गए हैं।

मंत्रिमंडल विस्तार से पहले नागपुर में रोड शो

पंकजा मुंडे राज्य दिग्गज भाजपा नेता रहे गोपीनाथ मुंडे की पुत्री हैं। मंत्रिमंडल में 19 नए चेहरे शामिल किए गए हैं। मंत्रिमंडल विस्तार से पहले मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने आज नागपुर में एक रोड शो भी किया। वह नागपुर की ही दक्षिण-पश्चिम नागपुर सीट से छठवीं बार विधायक चुने गए हैं।

यह भी पढ़ें: Maharashtra Cabinet LIVE: महाराष्ट्र में CM फडणवीस की टीम तैयार, 39 मंत्रियों ने ली शपथ; देखें पूरी लिस्ट