महाराष्ट्र : सीएम देवेंद्र फडणवीस को धमकी भरा पत्र भेजने का मामला, केस हुआ दर्ज
महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस को शनिवार को धमकी भरा पत्र भेजा गया है।
मुंबई, एएनआइ। महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। इस संबंध में एक धमकी भरा पत्र उनके नाम भेजा गया है। इस मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।पुलिस ने शनिवार को इस बात की जानकारी दी है।मुंबई पुलिस के पीआरओ प्रणय अशोक ने कहा कि मुख्यमंत्री सचिवालय को 15 अक्टूबर को एक धमकी भरा पत्र मिला था।
उन्होंने कहा कि 15 अक्टूबर को मरीन ड्राइव पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया था, जिसमें मुख्यमंत्री सचिवालय को एक पत्र मिला था जिसमें एक व्यक्ति ने सीएम को जान से मारने की धमकी दी थी। पुलिस ने कहा कि आरोपी महाराष्ट्र के नांदेड़ का रहने वाला है और मामले में आगे की जांच चल रही है।
21 अक्टूबर को चुनाव
हरियाणा और महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव के लिए शनिवार को प्रचार थम गया। यहां 21 अक्टूबर को वोट डाले जाएंगे और 24 अक्टूबर को मतों की गणना होगी। इसके अलावा 21 अक्टूबर को ही 17 राज्यों की 51 विधानसभा सीटों सहित समस्तीपुर (सुरक्षित) और सतारा संसदीय सीटों के उपचुनावों के लिए भी मतदान होगा।
विधानसभा की मौजूदा स्थिति
महाराष्ट्र में विधानसभा की 288 सीटें हैं। इस बार भी मुख्य मुकाबला भाजपा- शिवसेना गठबंधन और कांग्रेस-NCP के बीच है। शिवसेना के साथ हुए गठबंधन के बाद भाजपा जहां राज्य में 150 सीटों पर चुनाव लड़ रही है, वहीं शिवसेना ने 124 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारे हैं।
चुनाव पूर्व हुए सर्वे में भले ही भाजपा गठबंधन की बंपर जीत दर्शाई जा रही हो, लेकिन महाराष्ट्र के चुनावों में क्षेत्रीय मुद्दों का बोलबाला रहने की उम्मीद है। सूखा और पीएमसी बैंक घोटाले जैसे मुद्दे कई सीटों पर पूरी तरह से तस्वीर बदल सकते हैं। कई क्षेत्रों में भाजपा और कांग्रेस के सामने अपना गढ़ बचाने की चुनौती है तो कहीं दूसरे के गढ़ में सेंधमारी की कोशिश की जा रही है।