महाराष्ट्र: जेपी नड्डा चाहते हैं कि भाजपा महाराष्ट्र की सभी सीटों पर लड़े चुनाव
आगामी महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों में भाजपा सभी 288 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ सकती है।
मुंबई, एजेंसी। भारतीय जनता पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने महाराष्ट्र में अकेले दम पर चुनाव लड़ने की बात कही है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से आगामी महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों में सहयोगी दल शिवसेना को छोड़कर सभी 288 सीटों पर चुनाव लड़ने की योजना बनाने के लिए कहा।
रविवार को महाराष्ट्र कार्यकारिणी की बैठक थी। इस दौरान नड्डा ने पार्टी के पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा और उसके सहयोगी महाराष्ट्र विधानसभा की 288 सीटों में से 220 पर आसानी से कब्जा कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि गठबंधन पर कोई भी फैसला पार्टी प्रमुख अमित शाह और मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस को ही लेना है, लेकिन हमें सभी सीटों पर लड़ने के लिए तैयार रहना चाहिए।
हालांकि, शिवसेना के नेता और पर्यावरण मंत्री रामदास कदम ने भी इशारा करते हुए कहा कि शिवसेना भी विधानसभा की सभी 288 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा अगर पिछली बार की तरह करती है तो हम उसे कड़ी टक्कर दे सकते हैं।
वहीं इससे पहले एक साक्षात्कार में शिवसेना नेता आदित्य ठाकरे ने कहा था कि उनकी शिवसेना और भाजपा ने मुख्यमंत्री के पद सहित सब कुछ साझा करने का फैसला किया है।