राम मंदिर भूमिपूजन से पहले कमलनाथ ने ट्विटर पर प्रोफाइल पिक्चर बदला, भगवा वस्त्र में दिखे
अयोध्या में बुधवार को राम मंदिर भूमिपूजन से पहले मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने ट्विटर पर अपना प्रोफाइल पिक्चर बदल दिया है। वे नई फोटो में भगवा चोला में दिख रहे हैं।
भोपाल, जेएनएन। अयोध्या में बुधवार को राम मंदिर भूमिपूजन से पहले मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता कमलनाथ ने ट्विटर पर अपना प्रोफाइल पिक्चर बदल दिया है। वे इस नई फोटो में भगवा चोला पहने दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने एक अन्य ट्वीट में लिखा कि श्रीराम के हनुमान करो कल्याण। गौरतलब है कि भूमि पूजन से पहले पूर्व सीएम ने अपने सरकारी निवास पर हनुमान चालीसा का पाठ किया। साथ ही पार्टी द्वारा प्रदेश भर में हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन किया गया।
कमलनाथ ने इस दौरान मीडिया से बात करते हुए कहा कि आज खुशी का दिन है। हमने प्रदेश की खुशहाली, उन्नति, समृद्धि को लेकर हनुमान जी का पूजन व पाठ किया। हम राम मंदिर निर्माण का स्वागत करते हैं। हम राजीव गांधी जी को प्रणाम करते हैं जिन्होंने ताले खोले थे। ये राम मंदिर की कथा वहीं से शुरू होती है। साथ ही उन्होंने कहा कि हम मध्य प्रदेश की जनता की ओर से 11 चांदी की ईंट अयोध्या भेज रहे हैं। ये ईंटे कांग्रेस सदस्यों ने दान देकर खरीदी हैं।
दैनिक जागरण के सहयोगी प्रकाशन नईदुनिया के अनुसार कमलनाथ ने आगे कहा कि भारत की संस्कृति सभी को जोड़ने वाली है। यहां विभिन्न भाषाएं बोलने वाले और विभिन्न धर्मों के लोग रहते हैं। ये हमारी पहचान है। पता नहीं क्यों हम जब भी कुछ करते हैं, भाजपा के पेट में दर्द चालू हो जाता है। क्या धर्म पर उनका पेटेंट है? उनका ठेका है? उन्होंने धर्म की एजेंसी ली हुई है क्या?
हम धर्म और राजनीति का गठजोड़ नहीं करते - कमलनाथ
कमलनाथ ने यह भी कहा, 'छिंदवाड़ा में हनुमान जी की मूर्ति हमने स्थापित की। हमने अपनी सरकार में गौशालाएं बनवाई, राम वनगमन पथ के निर्माण की बाधाएं दूर की। महाकाल व ओंकारेश्वर मंदिर के विकास की योजना बनाई। बस हम धर्म का उपयोग राजनीति के लिए नहीं करते हैं, हम इसे इवेंट नहीं बनाते हैं। हम सभी की सोच धार्मिक है, लेकिन हम धर्म और राजनीति का गठजोड़ नहीं करते हैं।