VIDEO: बैट के बाद डंडे की बारी, भाजपा नेता ने CMO का फोड़ा सिर, हुआ गिरफ्तार
सीएमओ गंभीर रूप से घायल हो गए है। जानकारी के मुताबिक भाजपा के पंचायत अध्यक्ष ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी के कार्यालय में जा कर उनसे मारपीट की।
सतना, एएनआइ। मध्य प्रदेश के सतना में भाजपा नेता ने नगर पंचायत के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) को बुरी तरह पीटा है। बताया गया कि सीएमओ देवरत्न सोनी पर भाजपा के पंचायत अध्यक्ष राम सुशील पटेल द्वारा कथित रूप से जानलेवा हमला किया गया। इस हमले में सीएमओ गंभीर रूप से घायल हो गए है। जानकारी के मुताबिक, भाजपा के पंचायत अध्यक्ष ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी के कार्यालय में जा कर उनसे मारपीट की। सोनी पर डंडे से हमला कर उनका सिर फोड़ दिया गया। हालांकि, हैरानी भरा यह रहा कि राम सुशील पटेल खुद थाने पहुंच गए और सीएमओ के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने लगे।
मारपीट का वीडियो भी सामने आया है। बताया गया कि सीएमओ व कर्मचारी जब भागने लगे तो डंडों से लैस समर्थक भी उनके पीछे-पीछे दौड़ पड़े और सभी को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। हालांकि, सीएमओ की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर अध्यक्ष रामसुशील पटेल को गिरफ्तार कर लिया है।
वहीं, मारपीट में रामसुशील पटेल को भी सिर में चोटें आई हैं। उनके मुताबिक सीएमओ ने हमला कर उनका सिर फोड़ा है। पुलिस अध्यक्ष के आरोपों की भी जांच कर रही है।
सतना के एसपी रियाज इकबाल ने बताया, 'दोनों ने मामला दर्ज कराया है, राम पटेल भी दावा कर रहे हैं कि उन्हें भी मारा गया था। उनका बयान दर्ज किया जाएगा। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच करेगी। जांच के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।'
हालांकि, वीडियों में साफतौर पर देखा जा सकता है कि किस कदर दौड़ा-दौड़ा कर अधिकारी व उनके साथियों पर लाठियां बरसाई जा रही है।
#WATCH Madhya Pradesh: Devratna Soni, Panchayat Chief Medical Officer was assaulted by BJP Panchayat President, Ram S Patel in Satna, earlier today. Patel has now been arrested by the police. pic.twitter.com/kquWqzzQaf— ANI (@ANI) June 28, 2019
गौरतलब है कि अब नेता अधिकारियों पर हावी हो रहे है और आए दिन अधिकारियों पर हमले देखने को मिल रहे है। बता दें कि गत बुधवार को भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय के विधायक बेटे आकाश विजयवर्गीय ने नगर निगल अधिकारियों के बैट से पीटा था। उनका अधिकारी को पीटते हुए वीडियो भी वायरल हुआ था, जहां बाद में उन्हें गिरफ्त में ले लिया गया।