Move to Jagran APP

UP में पांच तो बिहार में तीन बड़े बदलाव, BJP की 5वीं लिस्ट में जज और अभिनेत्री भी; इन दिग्गजों को आउट करने वाले कौन?

भाजपा ने रविवार को लोकसभा प्रत्याशियों की अपनी पांचवीं सूची जारी कर दी। पीलीभीत से सांसद वरुण गांधी का टिकट कट गया है लेकिन उनकी माता मेनका गांधी को सुल्तानपुर से फिर टिकट दिया गया है। बरेली से आठ बार के सांसद संतोष गंगवार और मेरठ से तीन बार के सांसद राजेंद्र अग्रवाल को इस बार टिकट नहीं दिया गया है।

By Agency Edited By: Anurag GuptaPublished: Sun, 24 Mar 2024 11:45 PM (IST)Updated: Mon, 25 Mar 2024 02:14 AM (IST)
भाजपा की पांचवी लिस्ट जारी (फोटो: एएनआई)

पीटीआई, नई दिल्ली। BJP Candidate List: भाजपा ने रविवार को लोकसभा प्रत्याशियों की अपनी पांचवीं सूची जारी कर दी। 17 राज्यों की 111 सीटों के उम्मीदवारों में कई नाम चौंकाने वाले हैं। टीवी धारावाहिक रामायण में भगवान राम की भूमिका निभाने वाले अरुण गोविल को मेरठ से पार्टी ने मैदान में उतारा है। इसी तरह हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस के गढ़ रहे मंडी संसदीय क्षेत्र से अभिनेत्री कंगना रनोट को टिकट मिला है। पीलीभीत से सांसद वरुण गांधी का टिकट कट गया है, हालांकि उनकी माता मेनका गांधी को सुल्तानपुर से फिर टिकट दिया गया है।

loksabha election banner

अबतक कितने उम्मीदवारों का हुआ एलान?

भाजपा 291 उम्मीदवारों का एलान पहले कर चुकी है। पांचवीं सूची के 111 उम्मीदवारों को मिलाकर अब तक पार्टी 402 सीटों पर प्रत्याशी घोषित कर चुकी है। पार्टी ने उत्तर प्रदेश के 13 और उम्मीदवार तय कर दिए हैं।

  • पीलीभीत से राज्य सरकार में मंत्री जितिन प्रसाद को प्रत्याशी बनाया गया है।
  • मेनका गांधी सुल्तापुर से दोबारा चुनाव मैदान में हैं।
  • कानपुर से रमेश अवस्थी को टिकट मिला है।

यह भी पढ़ें: चुनावी रण में 'राम' की एंट्री, मेरठ से अरुण गोविल तो मंडी से कंगना लड़ेंगी चुनाव, भाजपा ने जारी की 5वीं लिस्ट

इन नेताओं का कटा टिकट

बरेली से आठ बार के सांसद संतोष गंगवार और मेरठ से तीन बार के सांसद राजेंद्र अग्रवाल को इस बार टिकट नहीं दिया गया है। बदायूं से स्वामी प्रसाद मौर्य की बेटी संघमित्रा का भी टिकट कट गया है। यहां दुर्विजय साख को टिकट मिला है।

भाजपा ने बिहार के अपने कोटे के सभी 17 प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं। पटना साहिब से रविशंकर प्रसाद तो आरा से आरके सिंह चुनाव लड़ेंगे। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह को बेगूसराय से टिकट दिया गया है।

  • बक्सर से अश्विनी चौबे का टिकट काटकर मिथिलेश तिवारी को दिया गया है, जो कि बैंकुठपुर से विधायक हैं।
  • सासाराम से छेदी पासवान का टिकट काटकर पूर्व केंद्रीय मंत्री मुन्नीलाल के बेटा शिवेश कुमार को उम्मीदवार बनाया गया है। शिवेश कुमार भी भाजपा के टिकट पर अगियांव से विधायक रह चुके हैं।
  • नवादा से बाहुबली सूरजभान सिंह के भाई चंदन सिंह का टिकट काटकर विवेक ठाकुर को पर भाजपा ने भरोसा जतया है, जोकि राज्यसभा सदस्य भी हैं।

झामुमो नेता और हेमंत सोरेन की भाभी सीता सोरेन को भी टिकट मिला है। वे दुमका से प्रत्याशी होंगी। वे हाल ही में भाजपा में शामिल हुई थीं। पांचवीं सूची में बंगाल से सबसे अधिक 19 प्रत्याशियों को टिकट मिला है।

पूर्व जज को मिला टिकट

संदेशखाली प्रकरण से चर्चा में आईं रेखा पात्रा को पार्टी ने बशीरहाट संसदीय क्षेत्र से मैदान में उतारा है। बैरकपुर से अर्जुन सिंह को टिकट मिला है। कलकत्ता हाई कोर्ट के जज पद से इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल हुए अभिजीत गंगोपाध्याय को तमलुक लोकसभा सीट से टिकट मिला है।

ओडिशा के भी 18 प्रत्याशी घोषित किए गए हैं। पुरी से भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा चुनाव मैदान में होंगे। केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान संबलपुर से चुनाव लड़ेंगे।

हरियाणा की शेष चार सीटों पर भी प्रत्याशी घोषित कर दिए गए। पार्टी ने कुरुक्षेत्र से नवीन जिंदल को उम्मीदवार बनाया है। रविवार को ही जिंदल कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हुए। जिंदल दो कुरुक्षेत्र से कांग्रेस के टिकट पर सांसद रह चुके हैं। पार्टी ने ताऊ देवीलाल के बेटे और राज्य के बिजली मंत्री रणजीत सिंह चौटाला को हिसार से प्रत्याशी बनाया है। रोहतक के सांसद अरविंद शर्मा को फिर से मैदान में उतारा गया है। सोनीपत के सांसद रमेश कौशिक का टिकट काटकर मोहल लाल बडोली को उम्मीदवार बनाया गया है।

यह भी पढ़ें: भाजपा ने बिहार में उम्मीदवारों का किया एलान, चौबे का काटा टिकट तो गिरिराज पर जताया भरोसा, देखें लिस्ट

BJP के कर्नाटक के इन नेताओं पर लगाया दांव

कर्नाटक की चार सीटों पर उम्मीदवार तय किए गए। पार्टी ने पूर्व केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार हेगड़े का टिकट काट दिया है। हेगड़े हाल ही में संविधान बदलने के विवादित बयान के कारण चर्चा में रहे थे।

राज्यवार उम्मीदवार

  • बंगाल 19
  • उत्तर प्रदेश 13
  • बिहार 17
  • राजस्थान 7
  • उड़ीसा 18
  • महाराष्ट्र 3
  • हरियाणा 4
  • केरल 4
  • आंध्र प्रदेश 6
  • गोवा 1
  • गुजरात 6
  • हिमाचल प्रदेश 2
  • झारखंड 3
  • कर्नाटक 4
  • मिजोरम 1
  • सिक्किम 1
  • तेलंगाना 2

सनद रहे कि भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति (CEC) की शनिवार देर रात हुई बैठक में इन प्रत्याशियों के नामों पर मुहर लगी थी। इसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत समिति के अन्य सदस्यों ने शिरकत की थी।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.