चार और राज्यों में 30 अप्रैल तक बढ़ाया गया लॉकडाउन, कई और राज्य पहले ही बढ़ा चुके हैं लॉकडाउन
कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए चार और राज्यों तमिलनाडु पुडुचेरी अरुणाचल प्रदेश और मिजोरम ने भी लॉकडाउन की अवधि 30 अप्रैल तक बढ़ा दी है।
नई दिल्ली, एजेंसियां। कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए ओडिशा, पंजाब, पश्चिम बंगाल और तेलंगाना जैसे राज्यों के बाद चार और राज्यों तमिलनाडु, पुडुचेरी, अरुणाचल प्रदेश और मिजोरम ने भी लॉकडाउन की अवधि 30 अप्रैल तक बढ़ा दी है। देश में जारी 21 दिवसीय राष्ट्रीय लॉकडाउन की अवधि मंगलवार को खत्म हो रही है।
तमिलनाडु ने लॉकडाउन के साथ राहत उपायों की घोषणा की
तमिलनाडु में लॉकडाउन बढ़ाने की घोषणा करते हुए मुख्यमंत्री के. पलानीस्वामी ने बताया कि यह कदम चिकित्सा एवं जनस्वास्थ्य विशेषज्ञों की सिफारिश के अनुसार उठाया गया है। इस दौरान चावल राशन कार्ड धारकों को मई माह के लिए भी चावल, अरहर दाल, चीनी और खाद्य तेल जैसी आवश्यक वस्तुएं मुफ्त प्रदान की जाएंगी।
इसके अलावा निर्माण और असंगठित क्षेत्र के कामगारों के परिवारों को दूसरी बार एक-एक हजार रुपये की वित्तीय मदद प्रदान की जाएगी। प्रवासी कामगारों को भी 15 किग्रा चावल, एक-एक किग्रा अरहर दाल और खाद्य तेल दिया जाएगा। पलानीस्वामी ने कहा कि लॉकडाउन सख्ती से लागू किए जाने के बाद से संक्रमण की दर में कमी आई है। अगर प्रतिबंधों में ढील दी गई तो संक्रमण के प्रसार में बढ़ोतरी हो सकती है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में जारी सभी प्रतिबंध बने रहेंगे। राज्य में सुबह छह बजे से दोपहर एक बजे तक सिर्फ आवश्यक वस्तुओं की दुकानों को खोलने की अनुमति प्रदान की गई है। इसके अलावा दवा निर्माण जैसे चुनिंदा क्षेत्रों को शर्तो के साथ काम करने की स्वीकृति दी गई है।
पुडुचेरी में लॉकडाउन में कुछ क्षेत्रों में छूट दी गई
तमिलनाडु से सटे केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी के मुख्यमंत्री वी. नारायणसामी ने लॉकडाउन की अवधि बढ़ाने की घोषणा करते हुए कहा कि मत्स्य पालन जैसे कुछ क्षेत्रों को कुछ छूट प्रदान की जाएंगी।
नई गाडडलाइंस के साथ मिजोरम में लॉकडाउन बढ़ाने की घोषणा
मिजोरम के मुख्यमंत्री जोरामथांगा ने कहा कि कोरोना वायरस के खिलाफ लड़ाई में पिछले तीन हफ्तों में मिले लाभों को मजबूती देने के लिए नई गाइडलाइंस के साथ लॉकडाउन की अवधि 30 अप्रैल तक बढ़ाई जा रही है। उन्होंने कहा कि अगले दो हफ्तों के दौरान प्रतिबंधों की सख्ती क्षेत्रों में हालात के आधार पर जिले-जिले और गांव-गांव में अलग-अलग हो सकती है। राज्य के मुख्य सचिव की अध्यक्षता में राज्यस्तरीय कार्यदल गाइडलाइंस बनाएगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय सीमाओं पर सुरक्षा को और कड़ा किया जाएगा। मिजोरम की अंतरराज्यीय सीमाएं असम, मणिपुर और त्रिपुरा से लगती हैं जबकि अंतरराष्ट्रीय सीमाएं बांग्लादेश व म्यांमार से लगती हैं।
कुछ छूट के साथ अरुणाचल प्रदेश में लॉकडाउन बढ़ाने की घोषणा
वहीं अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने कहा कि राज्य मंत्रिमंडल ने आज बैठक की और कुछ छूट के साथ 30 अप्रैल तक लॉकडाउन बढ़ाने का निर्णय लिया।
मुख्यमंत्रियों के साथ की थी पीएम मोदी ने की चर्चा
'जान भी, जहान भी' के नए मंत्र के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले शनिवार को इस बात का संकेत दिया था कि सरकार ने लॉकडाउन की दिशा में कदम बढ़ा दिए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अब मंगलवार सुबह 10 बजे देश को संबोधित करेंगे। कोरोना वायरस के कारण देश में लागू लॉकडाउन का 14 अप्रैल, गलवार को आखिरी दिन है। प्रधानमंत्री मोदी की ओर से कोरोना वायरस को लेकर पूरी तरह सतर्कता व सक्रियता के साथ काम किया जा रहा है। इस क्रम में लगातार उन्होंने तमाम राज्यों के मुख्यमंत्रियों से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए संपर्क किया और हालात की समीक्षा भी की।
पीएम ने 21 दिनों का लॉकडाउन का ऐलान किया
24 मार्च को पीएम मोदी ने कोरेाना वायरस महामारी के संक्रमण को रोकने के लिए पूरे देश में 21-दिनों के लॉकडाउन का ऐलान किया था। इस माह 3 अप्रैल को सुबह 9 बजे उन्होंने एक वीडियो संदेश देकर जनता से रात 9 बजे लाइट बंद कर 9 मिनट के लिए एक दीया, मोमबत्ती, टॉर्च, मोबाइल फोन का फ्लैश लाइट में से किसी एक को जलाने का निवेदन किया था। प्रधानमंत्री के इस आग्रह का पालन भी देश की जनता ने पूरे मन से किया था।
15 उद्योगों को मिली लॉकडाउन से छूट
प्रधानमंत्री के साथ चर्चा के दौरान सभी राज्य के मुख्यमंत्रियों ने कुछ उद्योगों के संचालन को लॉकडाउन से छूट की पेशकश की थी। इसके बाद भारत सरकार ने आवश्यकतानुसार कम–से-कम कर्मचारियों के साथ 15 उद्योगों को एक शिफ्ट की अनुमति दी है।