कर्नाटक विस चुनाव में कांग्रेस की जीत पर खड़गे को पूरा भरोसा
वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने कहा कि उत्तर प्रदेश में हालात का जयजा लेने के बजाय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कर्नाटक में भाषण देने में व्यस्त रहे।
नई दिल्ली (एएनआई)। कर्नाटक में विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि उन्हें राज्य में पार्टी की जीत पर पूरा भरोसा है। वे नई दिल्ली में आयोजित कांग्रेस के 84वें महाधिवेशन में बोल रहे थे।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने कहा कि उत्तर प्रदेश में हालात का जयजा लेने के बजाय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कर्नाटक में भाषण देने में व्यस्त रहे। इसका परिणाम ये हुआ कि वे उपचुनाव बुरी तरीके से हार गए। पार्टी सदस्यों और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए खड़गे ने कहा कि हम इस बात से आश्वस्त हैं कि आपके आशीर्वाद और सहयोग से कर्नाटक में फिर से हम सत्ता में वापस आयेंगे। हालांकि अभी बहुत कुछ किया जाना बाकी है और इसलिए हमें आपके मदद की जरुरत है। जिस तरह से भाजपा और आरएसएस डोर-टू-डोर जाते हैं उसी प्रकार आपको कर्नाटक में करने की जरुरत है। हम आप सबसे आग्रह करते हैं कि सभी विषमताओं को परे रखकर राष्ट्रहित में आगे आएं।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने केंद्र और भाजपा पर किसानों को किये वादे पूरे ना करने पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि देश में हर दिन हजारों किसान आत्महत्या कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के द्वारा कई वादे किये गए थे लेकिन जब बजट आया तो कुछ नहीं हुआ। जबति जब हम सत्ता में थे तो हमारी ये प्राथमिकता होती थी कि अगर कोई किसान अवसाद में हैं तो उसे इससे बाहर कैसे निकाला जाए। टीडीपी के एनडीए से बाहर आने पर खड़गे ने कहा कि आंध्रप्रदेश को एक विशेष राज्य का दर्जा जरुर दिया जाना चाहिए।
इसके पहले कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने अपने पहले अधिवेशन को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि केवल कांग्रेस पार्टी ही एकमात्र पार्टी है जो देश को रास्ता दिखा सकती है और इसे आगे ले जा सकती है। हाथ का प्रतीक कांग्रेस पार्टी का प्रतीक है और यही देश को एकजुट कर सकती है। इसके बाद कांग्रेस अध्यक्ष ने वहां उपस्थित सभी वरिष्ठ नेताओं का धन्यवाद किया और उनसे पार्टी को आगे ले जाने का आग्रह किया। महाधिवेशन में सोनिया गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।