Move to Jagran APP

कर्नाटक का संकटः कांग्रेस का दावा- संपर्क में हमारे MLA, BJP बोली- हम बनाएंगे सरकार

कर्नाटक में एक बार फिर से सत्ता के लिए नाटक खेला जा रहा है। इससे पहले मकर संक्रांति के दिन दो विधायकों ने सरकार से समर्थन वापस ले लिया।

By Vikas JangraEdited By: Published: Wed, 16 Jan 2019 10:11 AM (IST)Updated: Thu, 17 Jan 2019 12:19 AM (IST)
कर्नाटक का संकटः  कांग्रेस का दावा- संपर्क में हमारे MLA, BJP बोली- हम बनाएंगे सरकार
कर्नाटक का संकटः कांग्रेस का दावा- संपर्क में हमारे MLA, BJP बोली- हम बनाएंगे सरकार

नई दिल्ली, जेएनएन। कर्नाटक में एक बार फिर से सत्ता के लिए नाटक खेला जा रहा है। मकर संक्रांति के दिन दो विधायकों ने सरकार से समर्थन वापस ले लिया। वहीं, अब मीडिया रिपोर्टों की मानें तो कांग्रेस के पांच विधायक कभी भी इस्तीफा दे सकते हैं। अगर ऐसा होता है तो सरकार पर संकट आना लाजिमी है। गौरतलब है कि 224 सीटों वाली कर्नाटक विधानसभा में बहुमत के लिए 113 का आंकड़ा चाहिए। दो विधायकों के इस्तीफा देने के बाद अभी कांग्रेस-जेडीएस सरकार 118 के आंकड़े पर है। 

loksabha election banner

हालांकि, कर्नाटक के सीएम लगातार कह रहे हैं कि वे सरकार को लेकर निश्चिंत हैं। वहीं, कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सिद्धारमैया भाजपा के स्थानीय से लेकर शीर्ष नेताओं तक पर सरकार को गिराने के लिए साजिश का आरोप लगा रहे हैं। पूर्व प्रधानमंत्री और जेडीएस के मुखिया एचडी देवगौड़ा का कहना है कि सरकार को कोई खतरा नहीं, ये सब मीडिया का किया धरा है। मीडिया ने इस मामले को ज्यादा उछाल दिया है। हालांकि, सूत्रों के मुताबिक सरकार में संकट की घड़ी है और अंदरखाने इससे निपटने की कोशिशें जारी हैं। 

इसी बीच, कर्नाटक के मंत्री डीके शिवकुमार ने कहा है कि एक या दो को छोड़कर सभी विधायक हमारे संपर्क में हैं। सभी विधायक कांग्रेस की बैठक में हिस्सा लेने जा रहे हैं। एक अकेला विधायक भी इस्तीफा देने नहीं जा रहा है। हमारी ताकत का एहसास सबको हो जाएगा।

वहीं, भाजपा नेता वमन आचार्य ने दावा किया है कि कांग्रेस के कुछ विधायकों ने पार्टी नेता सीएन अश्वथनारायण से संपर्क किया है। यदी सरकार गिरती है तो जनादेश के मुताबिक, हम सरकार बनाएंगे।

भाजपा पर खरीद फरोख्त के आरोप
प्रदेश में सत्तारूढ़ कांग्रेस-जदएस गठबंधन ने भाजपा पर 'ऑपरेशन लोटस' के तहत विधायकों की खरीद-फरोख्त का आरोप लगाया है। भाजपा ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि उलटा कांग्रेस-जदएस गठबंधन भाजपा विधायकों को लुभाने की कोशिश कर रहा है। लिहाजा पार्टी के सभी विधायकों को गुरुग्राम शिफ्ट कर दिया है।

हालांकि सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस के 10 और जेडीएस के तीन विधायक भाजपा के संपर्क में हैं। भाजपा की कोशिश है कि ये 13 विधायक जल्द से जल्द इस्तीफा दे दें। भाजपा अगले हफ्ते प्रदेश सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव भी ला सकती है। बताते चलें कि विधानसभा चुनावों में भाजपा को सबसे ज्यादा सीटें हासिल हुई थीं और पार्टी नेता बीएस येद्दयुरप्पा ने मुख्यमंत्री पद की शपथ भी ले ली थी, लेकिन बाद में कांग्रेस और जेडीएस ने हाथ मिलाकर एचडी कुमारस्वामी के नेतृत्व में सरकार बना ली थी।

दरअसल, कर्नाटक में कांग्रेस और जदएस ने मिलकर सरकार तो बना ली थी, लेकिन उनके पास बड़ा बहुमत नहीं है। ऐसे में अगर 13 विधायकों ने इस्तीफा दिया तो दिक्कत बढ़ जाएगी। रविवार को राज्य के जल संसाधन मंत्री डीके शिवकुमार ने भी माना था कि तीन कांग्रेस विधायक मुंबई के एक होटल में ठहरे हुए हैं। इस बारे में जब उपमुख्यमंत्री जी. परमेश्वर से पूछा गया तो उनका जवाब था, 'उन्हें रहने दीजिए.. वे वहां क्यों गए हैं, कोई नहीं जानता। वे छुट्टियां मनाने गए होंगे या मंदिर दर्शन को गए होंगे या फिर नेताओं से मिलने गए होंगे।'


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.