कर्नाटक में कांग्रेसी मंत्री का क्लर्क सचिवालय में 26 लाख रुपये समेत गिरफ्तार
कर्नाटक के मंत्री सी पुत्तारंगा शेट्टी के क्लर्क के पास से करीब 26 लाख रुपये बरामद किया गया है।
बेंगलुरु, प्रेट्र/आइएएनएस। कर्नाटक में राज्य सचिवालय के प्रवेश द्वार पर कांग्रेसी मंत्री सी. पुत्तारंगा शेट्टी के क्लर्क के पास से कुल 25.76 लाख रुपये जब्त किए गए हैं। इस रकम का वह कर्मचारी कोई हिसाब नहीं दे सका। इसके बाद भाजपा और सत्तारूढ़ जदएस ने कांग्रेस के मंत्री के इस्तीफे की मांग की है।
कर्नाटक के मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी ने शनिवार को कहा कि मामले की जांच जारी है। विस्तृत रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बीएस येद्दयुरप्पा ने शिवमोगा में कहा कि कांग्रेस के मंत्री को तत्काल इस्तीफा देना चाहिए। इस मामले की गहन जांच होनी चाहिए। राज्य सरकार पर चुटकी लेते हुए उन्होंने कहा कि और मंत्री कितना पैसा बना रहे होंगे अगर एक मंत्री का डेली कलेक्शन 25.76 लाख रुपये है। जदएस के एमएलसी बासवाराज होरात्ती ने भी नैतिक आधार पर मंत्री के इस्तीफे की मांग की है।
पुलिस उपायुक्त देवराज ने बताया कि जद एस और कांग्रेस गठबंधन की सरकार में ओल्ड मैसुरु क्षेत्र में चामरराजनगर विधानसभा से विधायक सी. पुत्तारंगा शेट्टी पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री हैं। उनके क्लर्क मोहन के नकद राशि विधान सौधा के अंदर लेने की भनक पर पुलिस ने उसे रकम के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। हालांकि कांग्रेस विधायक पुत्तारंगा शेट्टी का कहना है कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है।
आरोपित मोहन से पुलिस पूछताछ कर रही है। विधान सौधा पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर शंकराचार ने मामले में केस दर्ज कर लिया है। मोहन के पास से एक बैग में 14 लाख रुपये नगद बरामद हुए हैं। बरामदगी के समय वह सचिवालय के गेट पर बाइक से कहीं जाने वाला था। पुलिस को उसके पास से उसकी और उसकी बाइक की तलाशी लेने पर और 11.76 लाख रुपये अलग से बरामद हुए हैं।