कर्नाटक: दो कांग्रेस विधायकों का इस्तीफा, विधायक दल की बैठक बुलाई
कांग्रेस के विधायक आनंद सिंह और रमेश जारकिहोली ने सोमवार को विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया।
बेंगलुरु, प्रेट्र। कर्नाटक में डगमगा रही गठबंधन सरकार को गहरा धक्का लगा है। कांग्रेस के विधायक आनंद सिंह और रमेश जारकिहोली ने सोमवार को विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। दो विधायकों के इस्तीफे के बाद पार्टी के नेता सिद्दरमैया ने अपने आवास पर कांग्रेस विधायक दल की बैठक बुलाई।
मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी ने कहा है कि सरकार को अस्थिर करने का दिवास्वप्न देखना भाजपा बंद नहीं कर रही है।विजयनगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक आनंद सिंह ने कहा कि उन्होंने अपनी मांग को लेकर इस्तीफा देने का फैसला लिया है। उनकी मांगों में विजयनगर को जिला बनाना और खनिज संपदा से संपन्न बल्लारी जिले में जेएसडब्ल्यू स्टील को 3,667 एकड़ भूमि बेचे जाने की अनुमति निरस्त करना शामिल है।
हालांकि उन्होंने कहा कि उनका दरवाजा बंद नहीं हुआ है। वह अपनी मांगों पर सरकार के जवाब की प्रतीक्षा करेंगे। उन्होंने इस अनुमान को भी खारिज किया कि वह विपक्षी भाजपा के आपरेशन लोटस में शामिल हैं। उन्होंने साफ किया कि वह सरकार के खिलाफ नहीं हैं लेकिन उसके द्वारा लिए गए फैसले का विरोध कर रहे हैं।
गठबंधन को अस्थिर करने में जुटी है भाजपा : कुमारस्वामी
मुख्यमंत्री कुमारस्वामी ने आरोप लगाया है कि भाजपा जदएस-कांग्रेस गठबंधन सरकार को अस्थिर करने के प्रयास में जुटी है। न्यूजर्सी में मंदिर के शिलान्यास कार्यक्रम में भाग लेने के लिए अमेरिका गए मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर कहा है कि राज्य के ताजा घटनाक्रम से वह अवगत हैं।
अपने आप गिरेगी गठबंधन सरकार : येद्दयुरप्पा
मुख्यमंत्री कुमारस्वामी के आरोप को खारिज करते हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बीएस येद्दयुरप्पा ने कहा कि गठबंधन सरकार अपने आप गिर जाएगी। उनकी पार्टी को इसका जिम्मेदार नहीं ठहराया जाए। गठबंधन सरकार गिरने पर नई सरकार बनाने के लिए भाजपा संवैधानिक प्रावधानों पर विचार करेगी। आनंद सिंह के इस्तीफे से यही पता चलता है कि गठबंधन में सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है।