Karnataka Cabinet Crisis: असंतोष दूर करने के लिए येदियुरप्पा को दो बार बदलने पड़े विभाग
कर्नाटक के मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा ने अपने मंत्रिमंडल के सहयोगियों को संतुष्ट करने के लिए सोमवार को दो बार मंत्रिमंडल में फेरबदल किया। इससे पहले दिन में येदियुरप्पा ने जे सी मधुस्वामी आनंद सिंह और के. सुधाकर के विभागों में बदलाव किया था।
बेंगलुरु, प्रेट्र। सहयोगियों के असंतोष को दूर करने के लिए कर्नाटक में मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने सोमवार को दो बार अपने मंत्रिमंडल में फेरबदल किया। उन्होंने कुछ नाराज मंत्रियों के विभाग बदलकर उन्हें संतुष्ट करने की कोशिश की।
इससे पहले येदियुरप्पा ने एक हफ्ते के भीतर तीसरा फेरबदल करते हुए मंत्री जेसी मधुस्वामी, आनंद सिंह और के सुधाकर के विभागों को बदला। इस पर मंत्री मधुस्वामी ने खुद को दिए पर्यटन, परिस्थितिकी और पर्यावरण विभागों पर नाराजगी जाहिर कर दी। उन्होंने मंत्री पद से इस्तीफा देने की धमकी दे दी। उन्होंने गणतंत्र दिवस समारोह के बाद कठोर कदम उठाने की बात कही थी। मधुस्वामी इससे भी नाराज थे कि पिछले एक सप्ताह से उनके विभाग लगातार बदले जा रहे हैं। इसके बाद सोमवार देर शाम मुख्यमंत्री ने उनके विभागों की लघु सिंचाई मंत्री सीपी योगीश्वरा के साथ अदला-बदली की। मधुस्वामी को उनकी पसंद वाला लघु सिंचाई विभाग दिया गया है।
सोमवार को आनंद सिंह को आधारभूत सुविधाओं के विकास और हज व वक्फ विभाग दिए गए हैं। उन्हें 21 को पर्यटन, पर्यावरण और परिस्थितिकी विभाग दिए गए थे जबकि वन विभाग वापस ले लिया गया था। सूत्रों के अनुसार पर्यटन विभाग वापस लिए जाने से नाराज आनंद सिंह भी इस्तीफा देने पर विचार कर रहे थे। लेकिन अब उन्होंने ऐसा कोई कदम उठाने से इन्कार किया है और मुख्यमंत्री के निर्णय का सम्मान करने की बात कही है।