सौ दिन पूरे होने पर राहुल से मिले कुमारस्वामी, बोले- 5 साल पूरा करेगी सरकार
मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी ने कहा है कि कांग्रेस के साथ कोई मतभेद नहीं है। उनकी गठबंधन सरकार अपना पांच साल का कार्यकाल पूरा करेगी।
नई दिल्ली [प्रेट्र]। कर्नाटक के मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी ने कहा है कि कांग्रेस के साथ कोई मतभेद नहीं है। उनकी गठबंधन सरकार अपना पांच साल का कार्यकाल पूरा करेगी। गठबंधन सरकार के 100 दिन पूरे होने के मौके पर मुख्यमंत्री ने गुरुवार को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच राज्य मंत्रिमंडल के विस्तार पर भी चर्चा हुई।
कुमारस्वामी ने हालांकि इस मुलाकात को औपचारिक कहा है, लेकिन माना जा रहा है कि उन्होंने राज्य मंत्रिमंडल के विस्तार के बारे में बातचीत की है। माना जा रहा है कि आने वाले कुछ सप्ताह में मंत्रिमंडल का विस्तार किया जाएगा।
मुलाकात के बाद कुमारस्वामी ने कहा कि राज्य मंत्रिमंडल का विस्तार और विभिन्न बोर्डो के चेयरमैन की नियुक्ति शीघ्र की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस नेता सिद्दरमैया के नेतृत्व में जदएस-कांग्रेस गठबंधन सरकार सुरक्षित है। राहुल के आवास पर हुई संक्षिप्त मुलाकात में मुख्यमंत्री ने उन्हें गठबंधन सरकार के प्रदर्शन के बारे में बताया।
जितेंद्र सिंह से की मुलाकात
कुमारस्वामी ने गुरुवार को केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह से भी मुलाकात की और केंद्र में प्रतिनियुक्ति के आधार पर नियुक्त राज्य काडर के अधिकारियों को वापस भेजने की मांग की। प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्य मंत्री से उन्होंने कर्नाटक में बाढ़ की स्थिति एवं अन्य मुद्दों पर भी चर्चा की।
सरकार को लेकर चिंतित हैं मुख्यमंत्री : भाजपा
भाजपा ने कर्नाटक की कुमारस्वामी सरकार पर गुरुवार को जमकर हमला किया। पार्टी ने कहा कि मुख्यमंत्री को इस बात की चिंता सता रही है कि उनकी सरकार बचेगी या नहीं। यही कारण है कि 100 दिन पूरे होने के उत्सव में हिस्सा लेने की जगह वह दिल्ली चले गए हैं।