VIDEO: जब धान की रोपाई के लिए किसानों के साथ खेत में उतरे मुख्यमंत्री कुमारस्वामी
मांड्या जिले के सीथापुरा गांव में किसानों के मुरझाए चेहरों पर उस समय खुशी की लहर दाैड़ गई, जब उन्होंने अपने गांव में सूबे के मुख्यमंत्री कुमारस्वामी को देखा।
बेंगलुरु [ एजेंसी ]। कर्नाटक के मांड्या जिले के सीथापुरा गांव में किसानों के मुरझाए चेहरों पर उस समय खुशी की लहर दाैड़ गई, जब उन्होंने अपने गांव में सूबे के मुख्यमंत्री कुमारस्वामी को देखा। कुमार अपने वचन को निभाने के लिए मांड्या पहुंचे थे। उन्होंने किसानों से वादा किया था कि वह धान की रोपाई करने के लिए मांड्या जरूर आएंगे। उधर, भाजपा की प्रतिक्रिया पर उत्तर देते हुए कुमार ने कहा कि धान की रोपाई करने में हिस्सा लेना कोई पब्लिसिटी स्टंट नहीं है, लेकिन वह ऐसा करके किसानों को सम्मानित करना चाहते हैं।
अपने वचन को निभाते हुए मुख्यमंत्री मांड्या पहुंचे और धान की रोपाई में किसानों के साथ हिस्सा लिया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि ' मैं धान की रोपाई में किसानों का साथ देकर उनका हौसला बढ़ाना चाहता हूं।' बता दें कि मांड्या के किसानों ने सूखे के चलते पिछले तीन वर्षों से धान की रोपाई नहीं की थी। इस साल कर्नाटक राज्य में अच्छी बारिश हुई है। इसके चलते किसानों में उत्साह है।
इसके पूर्व कुमारस्वामी क्षेत्र में स्िथत अन्जनेया मंदिर गए और पूजा अर्चना की। गांव के लोगों ने पारंपरिक तरीके से मुख्यमंत्री का स्वागत किया। कुमार द्वारा धान की रोपाई कार्यक्रम में 105 महिलाएं और 50 पुरुष किसानों ने उनका साथ दिया। करीब पांच एकड़ जमीन पर धान की रोपाई की गई। इसके साथ बैलों के 25 जोड़ों की सहायात ली गई।