कर्नाटक मंत्रिमंडल का विस्तार, कांग्रेस-जेडीएस से पाला बदलने वाले 10 विधायक येदियुरप्पा सरकार में बने मंत्री
कर्नाटक के राज्यपाल वजुभाई वाला ने गुरुवार को राजभवन में एक सादे समारोह में नए मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
बेंगलुरु, प्रेट्र। कर्नाटक में कांग्रेस-जेडीएस से पाला बदलकर राज्य में भाजपा का दामन थामने वाले 10 विधायकों को मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने मंत्री बना दिया है। इन विधायकों के दल बदलने से राज्य में कांग्रेस-जेडीएस की सरकार गिर गई थी और भाजपा के सत्ता में आने का रास्ता साफ हुआ था। दिसंबर में हुए उप चुनाव में उन्होंने भाजपा के टिकट पर जीत दर्ज की थी। राज्यपाल वजुभाई वाला ने गुरुवार को राजभवन में एक सादे समारोह में नए मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
मंत्रिमंडल में छह स्थान अब भी खाली
जिन 10 विधायकों को मंत्री बनाया गया है, उनमें एसटी सोमशेखर, रमेश जरकीहोली, आनंद सिंह, के सुधाकर, बैराठी बासवराज, ए शिवराम हेब्बार, बीसी पाटिल, के गोपालैया, केसी नारायण गौड़ा और श्रीमंत बाला साहेब पाटिल शामिल हैं। इस बहुप्रतीक्षित विस्तार से मंत्रिमंडल में मंत्रियों की संख्या 28 हो गई है। छह स्थान अब भी रिक्त हैं। पिछले साल अगस्त में 17 विधायकों को मंत्री बनाया गया था।
उल्लेखनीय है कि मंत्रिमंडल का दूसरा विस्तार राजनीतिक खींचतान से अछूता नहीं रहा। येदियुरप्पा ने रविवार को 13 विधायकों को मंत्री बनाने का एलान किया था। इनमें गुरुवार को मंत्री बनाए गए विधायकों के अलावा भाजपा के तीन और विधायकों को भी सरकार में शामिल किया जाना था। जिन तीन विधायकों को मंत्री बनाए जाने की चर्चा थी, उनमें उमेश कट्टी, अरविन लिंबावली और सीपी योगेश्वर शामिल हैं। लेकिन, बुधवार देर रात येदियुरप्पा ने बताया कि पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर इन तीनों विधायकों को मंत्री बनाने का काम स्थगित कर दिया गया है।