MP Politics: कमल नाथ ने कहा- ये तो इंटरवल है, मप्र में हम फिर सरकार में लौटेंगे, उपचुनाव में 20 सीट जीतेंगे
केंद्र सरकार के 20 लाख करोड़ के पैकेज को लेकर कमल नाथ ने कहा कि ये सिर्फ शिगूफा है जमीनी हकीकत कुछ और है।
छिंदवाड़ा, स्टेट ब्यूरो। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ ने कहा कि यह तो इंटरवल है, हम फिर सरकार में लौटेंगे। प्रदेश में 24 विधानसभा सीटों पर आगामी उपचुनाव में हम 20 सीटों पर जीतेंगे और प्रदेश में हमारी फिर से सरकार बनेगी। बुधवार को वह अपने गृह नगर छिंदवाड़ा में पत्रकारों से चर्चा कर रहे थे।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा- उपचुनाव में हम 20 सीट जीतेंगे और प्रदेश में फिर से सरकार बनाएंगे
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, 'मुख्यमंत्री पद जाने का दुख नहीं है, लेकिन प्रदेश में बीते 15 महीने में जो विकास हो रहा था, उसकी रफ्तार रुक गई है। मैंने हमेशा सिद्धांत की राजनीति की है, इसलिए मैं इस झमेले में कभी नहीं पड़ा। खैर कोई बात नहीं ये तो सिर्फ इंटरवल है, हम फिर सरकार में लौटेंगे, प्रदेश में 24 सीटों पर होने वाले विधान सभा उपचुनाव में हम 20 सीट जीतेंगे और प्रदेश में हमारी फिर से सरकार बनेगी।'
कमल नाथ ने कहा- भाजपा नेताओं की झूठ बोलने की आदत नहीं बदली
नाथ ने आगे कहा, 'हमने सोचा था कि सरकार जाने के बाद भाजपा वाले सुधर गए होंगे, लेकिन वे नहीं सुधरे। सरकार में वापस आने के बाद भी इन लोगों के झूठ बोलने की आदत नहीं बदली। ये पांच मिनट कैमरे पर झूठ बोल देते हैं, लेकिन अब जनता समझ गई है।'
पोस्टर को लेकर कमल नाथ ने कहा- छिंदवाड़ा में पहली बार ऐसी घटिया राजनीति हुई
खुद के लापता होने के छिंदवाड़ा में लगे पोस्टर को लेकर कमल नाथ ने कहा कि जिले में पहली बार ऐसी घटिया राजनीति हुई है, जैसे ही लॉकडाउन में ढील हुई, मैं जनता के बीच आ गया। पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की बगावत को लेकर उन्होंने कहा कि अब ये बीती बात है, उन्हें जो अच्छा लगा वह उन्होंने किया।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा- प्रदेश के किसानों का कर्ज माफ किया
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने प्रदेश के किसानों का कर्ज माफ किया, ये सबके सामने है। पहले दो चरण में कम कर्ज राशि वाले किसानों का कर्ज माफ हुआ। ये सारी बातें रिकॉर्ड में हैं। कर्ज माफ उनका नहीं हुआ, जो आयकर दाता थे या जिन लोगों ने फसल के लिए नहीं निजी काम के लिए लोन लिया। हम दो लाख रुपये तक का कर्ज माफ करने वाले थे, लेकिन इसके पहले ही सरकार चली गई।
मोदी नहीं जानते कि कौन होता है मजदूर
लॉकडाउन को लेकर कमल नाथ ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी को लॉकडाउन से पहले पता ही नहीं था कि मजदूर कौन होते हैं, क्योंकि वे गुजरात राज्य से आते हैं, जबकि मजदूर राजस्थान, यूपी, मध्य प्रदेश जैसे प्रदेशों से दूसरे प्रदेश में काम करने जाते हैं। ऐसे में पीएम मोदी ने कभी मजदूर वर्ग की चिंता नहीं की।
कमल नाथ ने कहा- 20 लाख करोड़ का पैकेज सिर्फ शिगूफा है
केंद्र सरकार के 20 लाख करोड़ के पैकेज को लेकर कमल नाथ ने कहा कि ये सिर्फ शिगूफा है, जमीनी हकीकत कुछ और है। जो रकम चांद पर जाने के लिए खर्च होना है, उसे भी पैकेज में बता दिया। उन्होंने कहा कि किस उद्योगपति को कितनी राहत की रकम मिली, इसे वेबसाइट पर सार्वजनिक करना चाहिए, तभी सच्चाई सामने आएगी।