जावडेकर ने किया बड़ा ऐलान, कहा- अब 60 दिन से भी कम समय में मिलेगी पर्यावरण की मंजूरी
केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री प्रकाश जावडेकर ने कहा कि रियल स्टेट से जुड़े प्रोजेक्टों को अब 60 दिन से भी कम समय में पर्यावरण मंजूरी दी जाएगी।
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री प्रकाश जावडेकर ने सोमवार को रियल स्टेट से जुड़े प्रोजेक्टों को बड़ी राहत देने की घोषणा है। इसके तहत ऐसे प्रोजेक्टों को अब 60 दिन से भी कम समय में पर्यावरण मंजूरी दी जाएगी। हालांकि उन्होंने यह भी साफ किया है कि इस दौरान पर्यावरण संरक्षण को लेकर किसी भी तरह का कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
'2022 तक सभी को आवास'
जावडेकर सोमवार को '2022 तक सभी को आवास' विषय पर आयोजित 15वें राष्ट्रीय सम्मेलन में बोल रहे थे। उन्होंने इस दौरान 2014 से पहले के दिनों की याद दिलाते हुए कहा कि उस समय पर्यावरण से जुड़ी मंजूरी में काफी रूकावटें थी। जिन्हें अब सरल बनाया गया है।
640 दिन बनाम 60 दिन
2014 में स्थिति यह थी कि किसी भी प्रोजक्ट के पर्यावरण मंजूरी में 640 दिनों का समय लगता था। जबकि हमारी सरकार ने सत्ता में आने के बाद इसके नियमों को आसान किया। इसके तहत इसी काम में अब 108 दिन का समय लग रहा है। जिसे अब हम और भी आसान बना रहे है।
राज्यों के अधिकार क्षेत्र में परियोजनाएं
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पहले पचास हजार से अधिक लागत वाली परियोजनाएं केंद्र सरकार के क्षेत्राधिकार में होती थी, लेकिन अब 1.5 लाख रुपए और उससे अधिक लागत वाली परियोजनाएं भी राज्यों के अधिकार क्षेत्र में है।