जम्मू-कश्मीर में राज्यपाल ने आज बुलाई सर्वदलीय बैठक, राज्य की स्थिति पर होगी चर्चा
जम्मू-कश्मीर में शासन की बागडोर संभालने के बाद राज्यपाल एनएन वोहरा ने राजनीतिक हालात पर विचार-विमर्श करने के लिए आज सर्वदलीय बैठक बुलाई।
श्रीनगर (राज्य ब्यूरो)। जम्मू-कश्मीर में शासन की बागडोर संभालने के बाद राज्यपाल एनएन वोहरा ने राज्य के राजनीतिक हालात पर विचार-विमर्श करने के लिए आज (22 जून) सर्वदलीय बैठक बुलाई है। पीडीपी-भाजपा गठबंधन सरकार के गिरने के बाद राज्यपाल एनएन वोहरा ने गत बुधवार को राष्ट्रपति की मंजूरी के बाद राज्यपाल शासन लागू करते हुए पूरे प्रशासन की बागडोर अपने हाथ में ले ली थी।
संबंधित अधिकारियों ने बताया कि राज्यपाल ने गुरुवार को दूसरे दिन भी प्रशासनिक कामकाज का जायजा लेते हुए राज्य के मौजूदा विकासात्मक और कानून व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने शुक्रवार को सर्वदलीय बैठक बुलाने का फैसला किया है। इसमें वह राज्य के सभी प्रमुख राजनीतिक दलों के नेताओं के साथ राज्य के राजनीतिक परिदृश्य पर विचार करते हुए आगे की रणनीति तय करेंगे। यह बैठक शुक्रवार शाम को होगी। बता दें कि राज्यपाल ने राज्य विधानसभा, जिसका कार्यकाल सामान्य परिस्थितियों में मार्च 2021 में समाप्त होना है, को भंग करने के बजाय निलंबित रखा है।
गौरतलब हैै कि जम्मू-कश्मीर की 87 सदस्यीय विधानसभा के लिए वर्ष 2014 में चुनाव हुए, जिसमें तत्कालीन सत्तारूढ़ नेशनल कॉन्फ्रेंस हार गई। कांग्रेस के साथ गठबंधन में सरकार चला रही एनसी को केवल 15 सीटों पर संतोष करना पड़ा। वहीं, 2008 में सिर्फ 11 सीट जीतने वाली भाजपा ने 2014 में 25 सीटों पर कब्जा किया।जबकि पीडीपी 28 सीटें के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी। हालांकि इसके बावजूद वो बहुमत के आंकड़े से दूर रही। जिसके बाद 52 दिन के गवर्नर शासन के बाद भाजपा और पीडीपी ने राज्य में गठबंधन सरकार बनाई। अब तीन साल गठबंधन सरकार चलाने के बाद भाजपा ने पीडीपी से समर्थन वापस ले लिया है और राज्य में महबूबा सरकार गिर गई।