यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 28, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
UP : नौ मार्च को निकलेगी सीएम योगी की शोभायात्रा, खूफिया एजेंसियों ने जारी किया अलर्ट Gorakhpur News
होली के जुलूस में सीएम योगी आदित्यनाथ के शामिल होने को लेकर खुफिया एजेंसियों ने अलर्ट जारी किया है।

गोरखपुर, जेएनएन। नौ मार्च को निकलने वाली सीएम योगी आदित्यनाथ की होली की शोभायात्रा को लेकर खुफिया एजेंसियों ने अलर्ट जारी किया है। आइबी (इंटेलिजेंस ब्यूरो) और एलआइयू (लोकल इंटेलिजेंस यूनिट) ने खतरे की आशंका जताई है। इसे देखते हुए पुलिस अधिकारी सुरक्षा को लेकर चाक चौबंद व्यवस्था करने में जुटे गए हैं।
जुलूस रूट के दुकानदारों के नाम पते इकट्ठे कर रही है पुलिस
मुख्यमंत्री जिधर से गुजरेंगे वहां के रास्तों पर पडऩे वाले सभी दुकानों के मालिकों और कर्मचारियों के नाम, पता पुलिस जुटा रही है। होली के दिन घंटाघर से भगवान नरसिंह का जुलूस निकलता हैं। इसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल होते हैं। इसी जुलूस के दौरान माहौल बिगाडऩे की उत्पाती साजिश रच सकते हैं। इसे देखते हुए नेपाल सीमा पर सतर्कता बढ़ा दी गई है। एसएसबी के साथ ही पुलिस कर्मचारियों को अधिकारियों ने सतर्क किया है। अधिकारी इस पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
होली तक पुलिस कर्मियों की छुट्टियां रद
जिले में पुलिस कर्मचारियों की छुट्टी होली तक रद कर दी गई है। जुलूस मार्ग के घरों पर पुलिस की तैनाती तो होगी ही वहां पर ईंट, पत्थर की जांच पुलिस ने शुरू कर दी है। आखिरी दिन ड्रोन से यह जांच की जाएगी। मुख्यमंत्री के जुलूस से पहले रिहर्सल किया जाएगा। सुरक्षा में कोई चूक ना होने पाए इसके लिए अधिकारी खुद रिहर्सल में शामिल होंगे। उधर, शासन ने मुख्यमंत्री के सुरक्षा इंतजाम की पूरी फाइल तलब की है।

हर साल निकलता है जुलूस
होली पर प्रतिवर्ष निकलने वाले इस जुलूस में भारी भीड़ होती है। इस जुलूस में गोरक्षपीठाधीश्वर के शामिल रहने की परंपरा रही है। पहले इसमें गोरक्षपीठाधीश्वर महंत अवेद्यनाथ शामिल होते थे। गोरक्षपीठाधीश्वर बनने के बाद योगी आदित्यनाथ इस जुलूस में शामिल होते हैं। योगी आदित्यनाथ के सीएम बनने के बाद इस जुलूस पर देश भर की नजर रहती है। जुलूस का समापन होने तक सुरक्षा एजेंसियां सतर्क रहती हैं।
नौ मार्च को निकलेगी शोभायात्रा
होलिका दहन उत्सव समिति पांडेयहाता की होली के एक दिन पहले निकलने वाली परंपरागत शोभायात्र इस बार नौ मार्च की शाम तीन बजे से निकाली जाएगी। शोभायात्र में हमेशा की तरह बतौर मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी शामिल रहेंगे। इस अवसर पर सांसद रवि किशन, नगर विधायक डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल, ग्रामीण विधायक विपिन सिंह, महापौर सीताराम जायसवाल की उपस्थिति भी महत्वपूर्ण होगी। समिति के मीडिया प्रभारी वैभव अग्रहरी ने बताया कि शोभायात्र पांडेयहाता से निकलकर घंटाघर, मदरसा चौक, लालडिग्गी, मिर्जापुर, घासी कटरा, जाफरा बाजार, ईदगाह रोड, आर्यनगर, बक्शीपुर, नखास चौक, रेती चौक, घंटाघर, नार्मल चौक होते हुए वापस पांडेयहाता पहुंचकर संपन्न होगी। होलिका दहन का मुहूर्त फाल्गुन तिथि पूर्णिमा को शाम छह बजे से रात्रि 11:26 तक है। ऐसे में पांडेयहाता में भी होलिका दहन की आनुष्ठानिक प्रक्रिया इसी अवधि में की जाएगी। इसे लेकर समिति की तैयारी बैठक शनिवार को हुई, जिसमें ओमप्रकाश पटवा, रामप्रकाश गुप्ता, राहुल गुप्ता, लोकेश पटवा, विजय पटवा, समय पटवा आदि मौजूद रहे।
