'पीछे नहीं हटेंगे', सोमवार को ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन करेगा इंडी गठबंधन
विपक्षी इंडी गठबंधन सोमवार को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ दिल्ली में बड़ा प्रदर्शन करने जा रहा है। ...और पढ़ें

सोमवार को ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन करेगा इंडी गठबंधन
HighLights
कांग्रेस ने कहा कि ज्ञानेश को जाना होगा, कोई पीछे नहीं हटेगा
वरिष्ठ नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल माननीय मुख्य न्यायाधीश को ज्ञापन सौंपेगा
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली में इन दिनों लगातार विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। कांग्रेस लगातार एसआईआर के मुद्दे पर सड़क पर उतरी हुई है। वहीं, विपक्षी इंडी गठबंधन सोमवार को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ दिल्ली में बड़ा प्रदर्शन करने जा रहा है। कांग्रेस ने साफ कहा है कि ज्ञानेश कुमार को जाना होगा और इस मांग से कोई पीछे नहीं हटेगा।
कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल ने शनिवार को कहा कि हम हर उस भारतीय से अपील करते हैं जो भारतीय लोकतंत्र की रक्षा के लिए चिंतित हैं, वे सोमवार को दिल्ली में बड़े विरोध मार्च में शामिल हों। यह विरोध मोदी-शाह सरकार द्वारा पूरे देश में किए जा रहे वोट चोरी के खिलाफ है।
आगे कहा कि कल हमने विभिन्न नेताओं के साथ बैठक की। इंडी के सांसद, नेता, कार्यकर्ता और चिंतित नागरिक ज्ञानेश एंड कंपनी के खिलाफ बड़ा प्रदर्शन करेंगे। वरिष्ठ नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल माननीय मुख्य न्यायाधीश को ज्ञापन सौंपेगा।
उन्होंने जोर देकर कहा कि ज्ञानेश को जाना होगा। कोई पीछे नहीं हटेगा। प्रदर्शन में ममता बनर्जी की उपस्थिति पक्की है। उनके भतीजे अभिषेक बनर्जी भी सोमवार को दिल्ली आएंगे।
इससे पहले शुक्रवार को इंडी गठबंधन के प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात कर वोट चोरी के आरोप लगाए और ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की। प्रतिनिधिमंडल में मल्लिकार्जुन खरगे, ममता बनर्जी, उमर अब्दुल्ला, सुप्रिया सुले, राहुल गांधी समेत कई नेता शामिल थे।
शनिवार को सीजेपी के ज्ञानेश कुमार की बर्खास्तगी और एसआईआर प्रक्रिया रद करने की मांग को लेकर जंतर मंतर पर प्रदर्शन की योजना दिल्ली पुलिस ने विफल कर दी। ममता बनर्जी, अरविंद केजरीवाल, पिनाराई विजयन, माणिक सरकार समेत कई नेताओं को हिरासत में लिया गया।
