अगर कांग्रेस हिंसा भड़काती तो सत्ता में होती, बवाल के पीछे केंद्र सरकार - गुलाम नबी आज़ाद
नागरिकता कानून पर मचे बवाल के पीछे पीएम मोदी से लेकर पूरी कैबिनेट- गुलाम नबी आज़ाद
नई दिल्ली, एएनआइ। कांग्रेस नेता गुलाम नबी आज़ाद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदो कहते हैं कि प्रदर्शन के पीछे कांग्रेस है। अगर कांग्रेस ऐसी हिंसा भड़काने में सक्षम होती तो आप सत्ता में नहीं होते। यह बेबुनियाद आरोप है। मैं इसकी निंदा करता हूं। केवल सत्तारूढ़ पार्टी, पीएम, गृह मंत्री और उनके कैबिनेट इस बवाल के लिए जिम्मेदार हैं।' बता दें कि नागरिकता संशोधन कानून और इसके विरोध में हो रही हिंसा को लेकर विपक्ष सरकार के खिलाफ एकजुट हो गया है। जामिया यूनिवर्सिटी सहित कई जगहों पर छात्रों के विरोध प्रदर्शन सामने आए, जिसे लेकर कांग्रेस व अन्य विपक्षी दलों ने प्रेस कांफ्रेंस कर केंद्र सरकार पर निशाना साधा।
गुलाम नबी आजाद ने कहा कि हिंसा को लेकर कांग्रेस पर लगे आरोप गलत हैं, कांग्रेस हिंसा नहीं करवा रही है। पूरे देश में नागरिकता कानून के खिलाफ विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं, देश में कई जगह इंटरनेट बंद है।
अभी हाल ही में झारखंड के दुमका में रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था, 'नागरिकता संशोधन कानून हजार फीसदी सही है, यह कांग्रेस के कारनामों को देखकर पता चल रहा है। पूरे देश में जहां-जहां आगजनी कराई जा रही है, यह राजनीति से प्रेरित और पूरी तरह प्रायोजित है।'
वहीं, उन्होंने आगे कहा कि आग लगाने वाले कैसे कपड़े पहने हैं, क्या बातें कर रहे हैं, यह देखकर कोई भी पता कर सकता है कि आखिर ये कौन लोग हैं। नागरिकता कानून के विरोध पर उन्होंने(पीएम मोदी) नार्थ ईस्ट की शांति का हवाला देते हुए कहा कि मैं असम और नार्थ ईस्ट के भाइयों-बहनों का सिर झुकाकर अभिनंदन करता हूं। इन्होंने हिंसा करने वालों को अपने से अलग कर दिया है। शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात बता रहे हैं। देश का मान-सम्मान बढ़े, ऐसा व्यवहार असम, नार्थ ईस्ट कर रहा है।
पीएम मोदी ने कहा कि कुछ लोग, जिस तरीके से इसका विरोध कर रहे हैं, उससे जरा भी शक नहीं बचा कि यह पूरी तरह सही दिशा में उठाया गया एक सराहनीय कदम है। पीएम ने कहा कि कांग्रेस देश के दुश्मनों जैसा काम कर रही है।