HRD मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक बोले, JNU को नहीं होने देंगे बदनाम
केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा कि जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों का नाम बदनाम नहीं होने देंगे।
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा कि जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों का नाम बदनाम नहीं होने देंगे। शोध के क्षेत्र में वह पूरी दुनिया में शीर्ष पर है। जो लोग ऐसा करने की कोशिश कर रहे है, उनके मंसूबों को सफल नहीं होने देंगे। पूरी ताकत से जेएनयू को आगे बढ़ाने के लिए काम करेंगे। इसे राष्ट्र की मुख्य धारा से अलग नहीं होने देंगे।
मानव संसाधन विकास मंत्री निशंक ने शुक्रवार को जेएनयू को लेकर लोकसभा में भाजपा सांसद एसपी सिंह बघेल की ओर से जताई गई चिंता के जवाब में कही। बघेल ने आंध्र प्रदेश में दो केंद्रीय विश्वविद्यालयों के गठन से जुड़े विधेयक, इनमें एक आदिवासी विवि है, पर चर्चा के दौरान यह सवाल खड़ा किया था। उन्होंने कहा था कि केंद्रीय आदिवासी विश्वविद्यालयों के गठन के दौरान यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए, कि यह कहीं दूसरा जेएनयू न बन जाए। विवि में ऐसे राष्ट्रविरोधी लोगों को कतई प्रवेश न दिया जाए।
इसके बाद केंद्रीय मंत्री निशंक ने उनकी चिंताओं का जवाब दिया और कहा कि जेएनयू को पिछले कुछ समय से कुछ लोग बदनाम करने की कोशिश कर रहे है, लेकिन वह वैसा नहीं होने देंगे। देश के सबसे प्रतिष्ठित इस संस्थान को नई ऊंचाईयों पर लेकर जाएंगे। सरकार इसके लिए हर संभव कोशिश करेगी। निशंक ने कहा कि हम उच्च शिक्षण संस्थानों को विश्वस्तरीय बनाने की दिशा में तेजी से बढ़ रहे है। हाल की विश्वस्तरीय रैंकिंग में देश के तीन संस्थानों ने शीर्ष 200 में अपनी जगह बनाई है।