आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के छात्रों के लिए MBBS में रखी गईं 4800 सीटें: हर्षवर्धन
लोकसभा में स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने बताया कि इस साल से आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के छात्रों के लिए एमबीबीएस की करीब 4800 सीटें आरक्षित रखी गई हैं।
नई दिल्ली,जेएनएन। लोकसभा में शुक्रवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने बताया कि इस साल आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के छात्रों के लिए एमबीबीएस की करीब 4,800 सीटें आरक्षित रखी गई हैं। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि दो साल के दौरान मेडिकल कॉलेजों में अंडर ग्रेजुएट और पोस्ट ग्रेजुएट के लिए 24,698 सीटें बढ़ाई गई हैं।
डॉक्टरों की संख्या के बारे में हर्षवर्धन ने बताया कि इस वर्ष मार्च के अंत तक देश में एलोपैथी, आयुर्वेद, यूनानी और होम्योपैथी के 19.47 लाख से ज्यादा डॉक्टर थे।
स्वास्थ्य राज्यमंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने एक सवाल के जवाब में बताया कि उत्तर प्रदेश के आगरा में करीब 900 और पीलीभीत में तीन कामन सर्विस सेंटर को निष्कि्रय कर दिया गया है। सरकार की आयुष्मान भारत योजना के तहत अयोग्य लाभार्थियों को स्वास्थ्य कार्ड जारी करने के लिए सेंटर के प्रभारियों के खिलाफ एफआइआर दर्ज करा दी गई है।
साथ ही उन्होंने बताया कि सार्वजनिक स्वास्थ्य में सुरक्षित और प्रभावी तरीके से आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (एआइ) का इस्तेमाल करने की दिशा में काम कर रहा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने शुक्रवार को लोकसभा में इस आशय की जानकारी दी।
एडॉप्शन एजेंसियों में तीन साल के दौरान 700 बच्चों की मौत
महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने लोकसभा में एक सवाल के जवाब में कहा कि पिछले तीन साल के दौरान स्पेशलाइज्ड एडॉप्शन एजेंसियों में कम से कम 776 बच्चों की मौत हो गई। इनमें से 124 बच्चों की मौत उत्तर प्रदेश में हुई।