पूरे पांच साल कुमारस्वामी रहेंगे कर्नाटक के मुख्यमंत्री, JDS-कांग्रेस मिलकर लड़ेंगे लोकसभा चुनाव
भाजपा को सत्ता से दूर रखने के लिए कर्नाटक में जेडीएस और कांग्रेस गठबंधन को मजबूत बनाए रखने के लिए पूरी कोशिश हो रही है।
बेंगलुरु, प्रेट्र। कर्नाटक में जेडीएस-कांग्रेस की गठबंधन सरकार पूरे पांच साल एचडी कुमारस्वामी के नेतृत्व में चलेगी। प्रदेश सरकार छह जून को अपना विस्तार करेगी। विधानसभा चुनाव के बाद सत्ता में साझीदार बने जेडीएस और कांग्रेस 2019 में होने वाला लोकसभा चुनाव मिलकर लड़ेंगे। इसका एलान शुक्रवार को मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी की मौजूदगी में कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने किया।
भाजपा को सत्ता से दूर रखने के लिए कर्नाटक में जेडीएस और कांग्रेस गठबंधन को मजबूत बनाए रखने के लिए पूरी कोशिश हो रही है। इसी के लिए गठबंधन के कील-कांटे भी दूर किए जा रहे हैं। शुक्रवार को कांग्रेस और जेडीएस की संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूरे पांच साल तक कुमारस्वामी के नेतृत्व में सरकार चलाने का एलान हुआ, जबकि कांग्रेस बड़ी साझेदार पार्टी है। दोस्ती को मजबूत दर्शाने के लिए दोनों दलों ने करीब साल पहले ही साथ मिलकर लोकसभा चुनाव लड़ने का एलान किया।
कांग्रेस महासचिव ने कहा, 'वित्त विभाग को लेकर दोनों दलों के बीच कुछ मतभेद थे, लेकिन उन्हें सुलझा लिया गया है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा है कि यह गठबंधन आज देश की जरूरत है। इस पर किसी तरह की आंच नहीं आनी चाहिए। वित्त विभाग जेडीएस के पास रहेगा। उसके पास वित्त, लोक निर्माण, ऊर्जा, शिक्षा विभाग भी रहेंगे। कांग्रेस के पास गृह, सिंचाई, बेंगलुरु शहर विकास, उद्योग, स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विभाग रहेंगे।' ऊर्जा विभाग को लेकर भी काफी खींचतान रही। इस विभाग के लिए प्रदेश के बड़े कांग्रेस नेता डीके शिवकुमार दावेदार थे, लेकिन अंतत: यह विभाग भी जेडीएस को ही मिला।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री के अतिरिक्त पूर्व मुख्यमंत्री सिद्दरमैया और लोकसभा में कांग्रेस के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे भी मौजूद थे।