यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 31, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Hardik Patel News: हार्दिक पटेल दो जून को होंगे भाजपा में शामिल, हाल ही में दिया था कांग्रेस से इस्तीफा
Hardik Patel Will Join BJP गुजरात में कांग्रेस के पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष हार्दिक पटेल दो जून को भाजपा में शामिल ...और पढ़ें

अहमदाबाद, एएनआइ। गुजरात में पाटीदार समुदाय से आने वाले हार्दिक पटेल (Hardik Patel) जल्द ही भाजपा ज्वाइन करेंगे। एएनआइ के मुताबिक, हार्दिक पटेल दो जून को भाजपा में शामिल होंगे। उन्होंने हाल ही में कांग्रेस से इस्तीफा दिया था। कांग्रेस से इस्तीफा देने के बाद हार्दिक के भाजपा में जाने की अटकलें थीं।
हार्दिक ने बीते हफ्ते भाजपा की टिकट पर गुजरात विधानसभा का चुनाव लड़ने के संकेत भी दिए थे। हार्दिक ने 18 मई को ही कांग्रेस पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष के साथ-साथ प्राथमिक सदस्य के रूप में इस्तीफा दिया था। कांग्रेस से इस्तीफा देने के बाद उन्होंने कहा था, 'मैं हिम्मत करके कांग्रेस पार्टी के पद और पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देता हूं। मुझे विश्वास है कि मेरे इस निर्णय का स्वागत मेरा हर साथी और गुजरात की जनता करेगी। मैं मानता हूं कि मेरे इस कदम के बाद मैं भविष्य में गुजरात के लिए सच में सकारात्मक रूप से कार्य कर पाऊंगा।'
Hardik Patel to join BJP on 2nd June - he confirms to ANI. He had recently quit Congress. pic.twitter.com/xtgGjQ9hhm
— ANI (@ANI) May 31, 2022
कांग्रेस पर लगातार कर रहे हैं हमला
कांग्रेस छोड़ने के बाद हार्दिक पटेल लगातार पार्टी पर हमला कर रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी को एक चिट्ठी लिखकर पार्टी की नीतियों पर सवाल उठाए थे। हार्दिक ने कहा था कि कांग्रेस केवल केंद्र के विरोध की राजनीति तक ही सीमित रह गई है। इससे आगे उसके पास न कोई नीति है और न ही वो कुछ करना चाहती है। हार्दिक ने आरोप लगाते हुए कहा था कि गुजरात के लोगों और उनके मुद्दों की पार्टी को कोई चिंता नहीं है। मुद्दों को कमजोर करने काम खुद पार्टी के नेता ही कर रहे हैं।
कांग्रेस से नाराज चल रहे थे हार्दिक
हार्दिक पटेल काफी समय से कांग्रेस से नाराज चल रहे थे। हार्दिक अपनी नाराजगी की वजह कांग्रेस आलाकमान को बता चुके थे, लेकिन फिर भी इस पर ध्यान नहीं दिया गया। हार्दिक ने ट्विटर हैंडल से कांग्रेस व कार्यकारी अध्यक्ष के पद से नाम तक हटा दिया था।
