करुणानिधि का निधनः पूरे देश में एक दिन का राष्ट्रीय शोक, कल आधा झुका रहेगा राष्ट्रध्वज
दिल्ली और देश की राजधानियों में भी उनके सम्मान में बुधवार को राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा।
नई दिल्ली (जेएनएन)। तमिलनाडु व देश के वयोवृद्ध नेता और राज्य से लेकर केंद्र तक की सियासत में लंबे समय तक बड़े नेताओं में शामिल रहे मुत्तुवेल करणानिधि का मंगलवार शाम 6:10 पर निधन हो गया। 94 साल के करणानिधि द्रमुक के प्रमुख और राज्य के पांच बार मुख्यमंत्री रहे। वह पिछले 10 दिनों से चेन्नई के कावेरी अस्पताल में भर्ती थे।
उनके परिवार में दो पत्नियां और छह बच्चे हैं। द्रमुक के कार्यकारी अध्यक्ष एमके स्टालिन उनके बेटे हैं। उनकी बेटी कनीमोरी राज्यसभा की सदस्य हैं। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने शोक जताते हुए कहा, 'कलैनार के नाम से लोकप्रिय नेता का जाना अपूरणीय क्षति है।' प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी समेत कई नेताओं ने उनके निधन पर दुख जताया है।
तमिलनाडु सरकार ने बुधवार को छुट्टी और राज्य में सात दिनों के शोक की घोषणा की है। दिल्ली और देश की राजधानियों में भी उनके सम्मान में बुधवार को राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा। करुणानिधि के शव को कावेरी अस्पताल से गोपालपुरम आवास ले जाया गया है। बुधवार सुबह राजाजी हॉल में अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा।
पूरे तमिलनाडु से जुट रहे द्रमुक समर्थकों की संख्या को देखते हुए पुलिस हाई अलर्ट पर है।पिछले महीने ब्लड प्रेशर गिरने के बाद करुणानिधि को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इससे पहले उन्हें 18 जुलाई को भी अस्पताल ले जाया गया था, लेकिन बाद में उन्हें छुट्टी दे दी गई थी। वह 29 जुलाई से इंटेंसिव केयर यूनिट (आइसीयू) में भर्ती थे।
अस्पताल पहुंचने की खबर आते ही उनका हालचाल जानने वालों का तांता लगना शुरू हो गया था। राष्ट्रपति भी मिलने पहुंचे थे राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने अस्पताल जाकर उनका हालचाल जाना था। उनके अलावा उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, केरल के मुख्यमंत्री पी. विजयन, अभिनेता कमल हासन के अलावा पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा और कई जानी-मानी हस्तियां भी पहुंची थीं।