भाजपा को बाहर का रास्ता दिखाने के लिए असम में एक नई सियासी पार्टी की जरूरत: गोगोई
असम में भाजपा सरकार का पतन शुरू हो गया है। यदि सोनोवाल पद पर बने रहना चाहते हैं तो उन्हें हर हाल में सीएए वापस लेने के लिए कदम उठाना होगा।
गुवाहाटी, प्रेट्र। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता तरुण गोगोई ने शनिवार को कहा कि सत्तारूढ़ भाजपा को बाहर का रास्ता दिखाने के लिए असम में एक नई राजनीतिक पार्टी की जरूरत है। उन्होंने कहा कि सभी पार्टियों को भाजपा की हार सुनिश्चित करनी चाहिए।
भाजपा जनता की मांग पर सीएए को वापस लेने के बजाय शांति रैली करने में लगी
सत्तारूढ़ पार्टी जनता की मांग के मुताबिक नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) को वापस लेने के बजाय राज्य में शांति रैली आयोजित कर शक्ति प्रदर्शन में लगी हुई है।
गोगोई ने कहा- मोदी सरकार ने पूरे देश को सीएए के खिलाफ सड़क पर ला दिया
भाजपा नीत केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए असम के तीन बार मुख्यमंत्री रह चुके गोगोई ने कहा कि इसने पूरे देश को सीएए के खिलाफ सड़क पर ला दिया है। इससे आम लोगों को परेशानी हो रही है। गोगोई ने कहा कि शांति रैली करके भाजपा यह स्वीकार कर रही है कि उसके शासनकाल में राज्य में शांति प्रभावित हुई है।
मुख्यमंत्री सोनोवाल को केंद्र सरकार की कठपुतली बताया
उन्होंने कहा कि असम के मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल पर लोगों ने भरोसा किया था, लेकिन वे केंद्र की 'कठपुतली' बन गए हैं। सत्ता के लालच में सोनोवाल ने लोगों की पीठ में छुरा घोंपा है।
गोगोई ने कहा- असम में भाजपा सरकार का पतन शुरू हो गया
उन्होंने कहा कि असम में भाजपा सरकार का पतन शुरू हो गया है। यदि सोनोवाल पद पर बने रहना चाहते हैं, तो उन्हें हर हाल में सीएए वापस लेने के लिए कदम उठाना होगा और राज्य के स्थानीय लोगों की रक्षा करनी होगी।
हम असम के लोगों के हितों को अनदेखा नहीं कर सकते- कांग्रेस नेता गोगोई
उन्होंने कहा कि एक नई पार्टी जरूरत बन गई है। हम स्वार्थ में आकर सिर्फ अपने हितों को नहीं देख रहे हैं, क्योंकि नई पार्टी हमारी पार्टी को प्रभावित कर सकती है, लेकिन हम असम के लोगों के हितों की रक्षा करने का प्रयास कर रहे हैं।