गोवा के मुख्यमंत्री ने नए मंत्रियों को शामिल करने के लिए चार मंत्रियों से इस्तीफा मांगा
गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा कि उन्होंने अपने चार मंत्रियों को मंत्रिमंडल से इस्तीफा सौंपने के लिए कहा है।
पणजी, प्रेट्र। गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा कि उन्होंने अपने चार मंत्रियों को मंत्रिमंडल से इस्तीफा सौंपने के लिए कहा है। इनमें से तीन गोवा फारवर्ड पार्टी (जीएफपी) और एक निर्दलीय विधायक रोहन खौंटे शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इसका कारण यह है कि वह शनिवार को चार नए मंत्रियों को शामिल करने जा रहे हैं। जीएफपी ने कहा है कि भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व से बातचीत करने के बाद ही वह फैसला लेगी।
सावंत ने कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हुए 10 विधायकों के साथ नई दिल्ली में गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की। फोन पर मुख्यमंत्री ने बताया, 'मैंने जीएफपी के तीन मंत्रियों और खौंटे को मंत्रिमंडल से इस्तीफा देने को कहा है। मैंने उन्हें हाई कमान से मिले आदेश के अनुसार निर्देश दिया है। कल मैं चार नए मंत्रियों को शामिल करूंगा।' मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने वालों का नाम उन्होंने नहीं बताया।
प्रदेश भाजपा के एक वरिष्ठ नेता इससे पहले बताया था कि सावंत भाजपा विधायक और गोवा विधानसभा के उपाध्यक्ष मिशेल लोबो और कांग्रेस से शामिल हुए 10 विधायकों में से तीन को मंत्री बनाएंगे।
ताजा घटनाक्रम पर जीएफपी के अध्यक्ष और राज्य के उपमुख्यमंत्री विजय सरदेसाई ने कहा कि उनकी पार्टी गठबंधन नेताओं के साथ बातचीत के बाद ही शामिल हुई थी। भाजपा के वर्तमान प्रदेश नेता उस समय बातचीत में शामिल नहीं थे। राजग के केंद्रीय नेताओं के साथ बातचीत करने के बाद ही हम उपयुक्त कदम उठाएंगे। अभी तक हमें भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व से कोई अधिकृत संदेश नहीं मिला है। मंत्रिमंडल में सरदेसाई के अलावा जीएफपी के दो अन्य मंत्री विनोद पाल्येकर और जयेश सालगांवकर हैं।
चार पूर्व मुख्यमंत्री नहीं बना पाएंगे गोवा में सरकार : मोंसेराटे
कांग्रेस छोड़ भाजपा का दामन थामने वाले पणजी के विधायक अटानासिओ मोंसेराटे ने शुक्रवार को कहा कि चार पूर्व मुख्यमंत्री गोवा में कभी अपनी पार्टी की सरकार नहीं बनने देंगे। 10 विधायकों के पाला बदलने के बाद अब 40 सदस्यीय विधानसभा में कांग्रेस के पांच ही विधायक रह गए हैं। इनमें से चार पूर्व मुख्यमंत्री रवि नाईक, लुइजिन्हो फलेइरो, दिगंबर कामत और प्रतापसिंह राणे हैं।
----------------