इलाज के लिए अमेरिका भेजे जा सकते हैं गोवा के मुख्यमंत्री, इस बीमारी से हैं परेशान
मुंबई के लीलावती अस्पताल में इलाज करा रहे गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर को जरूरत पड़ने पर अमेरिका भेजा जा सकता है।
पणजी (आइएएनएस)। गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर को इलाज के लिए अमेरिका ले जाया जा सकता है। पाचन तंत्र संबंधी तकलीफ होने के बाद मुख्यमंत्री को मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
गोवा विधानसभा के उपाध्यक्ष मिखाएल लोबो ने सोमवार को विधानसभा परिसर में कहा कि जरूरत पड़ने पर मुख्यमंत्री को अमेरिका ले जाया जा सकता है। उन्होंने कहा, 'हम उन्हें चाहते हैं। हम वह सब करेंगे जो कर सकते हैं। अगर जरूरत पड़ी तो उन्हें अमेरिका भी ले जाया जा सकता है।'
तकलीफ होने पर पर्रीकर को 15 फरवरी को लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शनिवार को मुख्यमंत्री कार्यालय ने ऑपरेशन होने की खबरों से इनकार कर दिया था। कार्यालय ने उनके स्वास्थ्य में सुधार होने का दावा किया। रविवार को अस्पताल द्वारा जारी बयान में कहा गया कि पर्रिकर के स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है। अस्पताल ने उनके स्वास्थ्य से संबंधित सभी अफवाहों को खारिज किया है।
अफवाहों पर अस्पताल का बयान
रविवार को मुंबई के लीलावती अस्पताल की ओर से जारी किए गए बयान में कहा गया है कि मुख्यमंत्री पर इलाज का अच्छा असर हो रहा है। अग्नाशय में परेशानी के बाद पर्रिकर को 15 फरवरी को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल ने अपने बयान में कहा, मुख्यमंत्री के स्वास्थ्य से संबंध में इलेक्ट्रॉनिक/प्रिंट मीडिया में भ्रामक और गुमराह करने वाली खबरें आ रही हैं, जो कि गलत हैं। इलाज का उनपर अच्छा असर हो रहा है
अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज
17 फरवरी और 19 फरवरी को दो मौकों पर गलत खबरें फैलाने को लेकर भाजपा कार्यकर्ता सुनील देसाई ने अज्ञात लोगों के खिलाफ पोंडा थाने में शिकायत दर्ज करवाई है। देसाई ने कहा, 'मुख्यमंत्री के स्वास्थ्य को लेकर कुछ लोग गलत खबरें फैला रहे हैं और मेरे नाम से लोगों को गुमराह कर रहे हैं।' दरअसल, सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री की हालत को लेकर अफवाह फैल गई थी, जिसके बाद मुख्यमंत्री कार्यालय और भाजपा नेताओं ने इन खबरों का खंडन करते हुए इन्हें गलत बताया।