फिर मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती पर्रिकर, आज शाम अमेरिका भेजे जा सकते हैं मुख्यमंत्री
गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर फिर मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती, इलाज के लिए आज शाम अमेरिका भेजे जा सकते हैं।
पणजी (प्रेट्र)। गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर की सेहत में कुछ खास सुधार देखने को नहीं मिल रहा है। गिरते स्वास्थ्य के कारण उन्हें फिर से मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनके कार्यालय ने सोमवार को बताया कि यदि जरूरत पड़ी तो आज (मंगलवार) शाम तक आगे की चिकित्सा के लिए उन्हें अमेरिका भेजा जा सकता है।
मुंबई रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री पर्रिकर ने डोना पाउला में अपने निजी आवास पर वरिष्ठ मंत्रियों की बैठक बुलाई। बैठक में उन्होंने अपनी अनुपस्थिति में प्रशासकीय फैसले लेने के लिए मंत्रिमंडल की सलाहकार समिति का गठन कर दिया है। गोवा छोड़ने से पहले उन्होंने राज्य के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक से भी मुलाकात की।
इलाज के लिए अमेरिका भेजा जाना संभव
मुख्यमंत्री कार्यालय ने कहा है, 'सोमवार को मुख्यमंत्री चिकित्सकीय जांच के लिए मुंबई रवाना हो गए हैं। डॉक्टरों की सलाह पर वे इलाज के लिए विदेश जा सकते हैं।'
पिछले महीने 15 फरवरी को बीमार होने के बाद पर्रिकर को मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 22 फरवरी को उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी और उसी दिन उन्होंने गोवा विधानसभा के सत्र में हिस्सा लिया था। संक्षिप्त भाषण देकर उन्होंने बजट पेश किया था। 25 फरवरी को डिहाइड्रेशन के बाद उन्हें गोवा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया था। एक मार्च को उन्हें यहां से छुट्टी दे दी गई थी। इसके बाद से वह अपने आवास से ही काम कर रहे थे।