Goa Election 2022: पीएम मोदी आज गोवा में भरेंगे हुंकार, विशाल जनसभा को करेंगे संबोधित
गोवा चुनाव से ठीक पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज मापुसा में एक बड़ी रैली करेंगे। इस रैली को 20 निर्वाचन क्षेत्रों में एलइडी स्क्रीन की मदद से प्रसारित किया जाएगा। रैली में भाजपा के कई केंद्रीय मंत्री और गोवा के नेताओं सहित करीब 500 लोग शामिल होंगे।
पणजी, एएनआइ। पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों का आज आगाज हो गया है। आज यूपी में पहले चरण की वोटिंग होनी है, 14 को गोवा विधानसभा चुनाव होने हैं। इसी के मद्देनजर गोवा चुनाव से ठीक पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज मापुसा में एक बड़ी रैली करेंगे। गोवा भारतीय जनता पार्टी द्वारा जारी बयान के अनुसार गोवा में चुनाव प्रचार खत्म होने से एक दिन पहले प्रधानमंत्री शाम पांच बजे बोदगेश्वर मैदान में एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे।
20 निर्वाचन क्षेत्रों में रैली का होगा प्रसारण
जानकारी के अनुसार रैली में सुंदर प्रकाश व्यवस्था और आयोजन स्थल पर विशाल पंडाल लोगों के लिए एक प्रमुख आकर्षण का केंद्र होगा। पीएम की इस रैली को 20 निर्वाचन क्षेत्रों में प्रत्येक चिह्नित स्थानों पर एलइडी स्क्रीन की मदद से प्रसारित किया जाएगा। रैली में भाजपा के कई केंद्रीय मंत्री और गोवा के नेताओं सहित करीब 500 लोग शामिल होंगे।
अमित शाह और राजनाथ सिंह ने कल की थी रैली
बता दें कि बुधवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह व रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने राज्य में रैली कर कांग्रेस पर हमला बोला था। चुनावी सभाओं को संबोधित करते हुए शाह ने कहा था कि अगर कांग्रेस चाहती, तो पूरे देश के साथ गोवा भी वर्ष 1947 में ही आजाद हो गया होता। उन्होंने कांग्रेस पर गोवा के साथ हमेशा अन्याय करने का आरोप लगाया। वहीं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने राहुल को आड़े हाथ लेते हुए उनपर लोगों को बरगलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारा (सीपीईसी) का निर्माण वर्ष 2013 में कांग्रेस के शासनकाल में शुरू हुआ था। उन्होंने कहा कि यह वही समय था, जब कांग्रेस सरकार की पाकिस्तान व चीन के साथ दोस्ती शुरू हुई थी।
14 फरवरी को मतदान
गोरतलब है कि गोवा में 14 फरवरी को मतदान होना है और मतगणना 10 मार्च को होगी। इस बीच भाजपा के बड़े नेताओं ने आगामी विधानसभा चुनाव में 40 में से 22 सीटों पर जीत हासिल करने का लक्ष्य रखा है।