दैनिक जागरण को राष्ट्रीय जल पुरस्कार प्रदान करेंगे नितिन गडकरी
सोमवार को नई दिल्ली स्थित कांस्टीट्यूशन क्लब में आयोजित होने जा रहे पुरस्कार वितरण समारोह में केंद्रीय जल संसाधन और नदी विकास मंत्री नितिन गडकरी पुरस्कार प्रदान करेंगे।
जेएनएन, नई दिल्ली। जल संरक्षण को बढ़ावा देने वाले सार्थक समाचारों और असरदार संपादकीय अभियानों के लिए दैनिक जागरण को 2018 का राष्ट्रीय जल पुरस्कार (नेशनल वाटर अवार्ड-2018) प्रदान किया गया है। भारत सरकार द्वारा यह पुरस्कार जल संरक्षण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान करने वाले व्यक्तियों व संस्थाओं को प्रदान किया जाता है। 'सर्वश्रेष्ठ समाचार पत्र' की श्रेणी में प्रथम और द्वितीय दोनों ही पुरस्कार दैनिक जागरण की झोली में आए हैं।
सारभूत पत्रकारिता की अपनी परंपरागत रीति-नीति में दैनिक जागरण ने सामाजिक सरोकारों को भी प्राथमिकता दी है। जागरण समूह के सात सरोकारों- जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण, स्वस्थ समाज, सुशिक्षित समाज, नारी सशक्तीकरण, जनसंख्या नियोजन और गरीबी उन्मूलन में जल संरक्षण एक अहम विषय है। इन महत्वपूर्ण विषयों पर व्यापक जनजागरूकता लाने और आमजन को प्रेरित-प्रोत्साहित करने के लिए दैनिक जागरण अपने नियमित स्तंभ 'जागरण सरोकार' में अति प्रेरक व पठनीय सामग्री अपने करोड़ों पाठकों तक प्रतिदिन पहुंचाता है। इसके अलावा 'जलदान' जैसे संपादकीय अभियानों के माध्यम से देशभर में जल संरक्षण को लेकर जनचेतना का विस्तार करने का दायित्व दैनिक जागरण पूरा करता आया है।
गौरतलब है कि केंद्रीय जल संसाधन और नदी विकास मंत्रालय की ओर से प्रदान किए जाने वाले प्रतिष्ठित राष्ट्रीय जल पुरस्कार (नेशनल वाटर अवार्ड) के लिए विजेता का चयन दो मापदंडों पर किया गया। किसी समाचार पत्र द्वारा वर्ष भर में प्रकाशित ऐसी सार्थक रिपोर्ट्स की संख्या और दूसरा इनके पाठकों की संख्या, इन दोनों ही मापदंड़ों पर खरा उतरते हुए दैनिक जागरण ने देशभर के विभिन्न समाचार पत्रों को पीछे छोड़ा और प्रथम व द्वितीय कुल दोनों श्रेणियों में पुरस्कार हासिल किया।
सोमवार को नई दिल्ली स्थित कांस्टीट्यूशन क्लब में आयोजित होने जा रहे पुरस्कार वितरण समारोह में केंद्रीय जल संसाधन और नदी विकास मंत्री नितिन गडकरी पुरस्कार प्रदान करेंगे। जल संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले जिलों, कार्यालयों, व्यक्तियों और संस्थाओं को भी अलग-अलग श्रेणी में पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। दैनिक जागरण को 'सर्वश्रेष्ठ समाचार पत्र' श्रेणी में प्रथम पुरस्कार के रूप में दो लाख रुपये व प्रमाण-पत्र और द्वितीय पुरस्कार के रूप में डेढ़ लाख रुपये व प्रमाण पत्र देकर पुरस्कृत किया जाएगा।