Full Lockdown भारत में तेजी से फैल रहे कोरोना वायरस को रोकने का एकमात्र तरीका- राहुल गांधी
Full Lockdown कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मंगलवार को कहा कि कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने का एकमात्र तरीका फुल लाकडाउन है। लेकिन उन्होंने कहा कि कमजोर वर्गों के लिए न्यूनतम आय गारंटी योजना एनवाईएवाई के संरक्षण के साथ पूर्ण लाकडाउन लगे।
नई दिल्ली, एएनआइ। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा है कि देश में कोरोना वायरस के बढ़ते प्रसार को रोकने का एकमात्र तरीका फुल लाकडाउन है। हालांकि, इसके साथ ही उन्होंने सरकार से कम आय वाले लोगों के लिए योजना के तहत आर्थिक सहयोग की भी बात उठाई है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मंगलवार को COVID-19 मौतों में वृद्धि पर केंद्र सरकार की खिंचाई की और कहा कि कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए पूर्ण लाकडाउन एकमात्र तरीका है। उन्होंने आगे आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की निष्क्रियता के कारण कई निर्दोष लोग मर रहे हैं।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ट्वीट किया कि भारत सरकार यह समझ नहीं पा रही है। कोरोना के प्रसार को रोकने का एकमात्र तरीका पूर्ण लाकडाउन है। कमजोर वर्गों के लिए NYAY के संरक्षण के साथ। भारत सरकार की निष्क्रियता कई निर्दोष लोगों की जान ले रही है।
राहुल गांधी इससे पहले भी कोरोना वायरस संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए केंद्र सरकार को अपने सुझाव देते आए हैं। राहुल गांधी का ट्वीट ऐसे समय आया है जब देश में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या 2 करोड़ के पार पहुंच गई है।
देश में लगातार बढ़ रहे कोरोना के मामले
बता दें, भारत में कोरोना के दैनिक मामलों में तेजी से इजाफा हो रहा है। बीते 24 घंटे में देश में 357,229 नए कोरोना केस आए और 3449 संक्रमितों की जान चली गई है। हालांकि 3,20,289 लोग कोरोना से ठीक भी हुए हैं। इससे पहले रविवार को देश में 368,060 नए केस आए थे। दुनियाभर के करीब 40 फीसदी केस हर दिन भारत में ही दर्ज किए जा रहे हैं। दिल्ली, महाराष्ट्र, हरियाणा, कर्नाटक समेत कई राज्यों में लॉकडाउन लगाया गया है ताकि कोरोना के बढ़ते संक्रमण को रोका जा सके।
बता दें, राहुल गांधी ने एक बार पहले कहा था कि लाकडाउन सिर्फ कोरोना संक्रमण को कुछ समय के लिए रोकने में मदद करता है, उसे पूरी तरह खत्म नहीं करता। हालांकि, इसबार उन्होंने खुद आगे बढ़कर पूर्ण लाकडाउन लगाने की अपील की है।