दो माकपा कार्यकर्ताओं की हत्या के आरोप में चार कांग्रेसी गिरफ्तार
केरल पुलिस ने माकपा की युवा शाखा से जुड़े दो कार्यकर्ताओं की हत्या की साजिश में शामिल कांग्रेस के चार कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया।
तिरुअनंतपुरम, आइएएनएस। केरल पुलिस ने माकपा की युवा शाखा से जुड़े दो कार्यकर्ताओं की हत्या की साजिश में शामिल कांग्रेस के चार कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने चारों को सोमवार को हिरासत में ले लिया। रविवार मध्य रात्रि में नृशंस हत्या की गई थी।राज्य की राजधानी से करीब 25 किलोमीटर दूर तलवार और चाकुओं से लैस पांच बाइक सवारों ने माकपा कार्यकर्ता हक मुहम्मद और मिथिलाज की हत्या कर दी।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार कांग्रेसियों में शेजित, अजित, नजीब और साती शामिल हैं। दो मुख्य आरोपित संजीव और सनल अभी तक गिरफ्तार नहीं हुए हैं। पूछताछ के लिए पुलिस ने अन्य चार को भी पकड़ लिया है। एफआइआर में हालांकि, राजनीतिक हत्या का उल्लेख नहीं किया गया है, लेकिन पुलिस ने गौर किया है कि दोनों गुटों के बीच मई 2019 में हुए लोकसभा चुनाव के दौरान टकराव हुआ था। तभी से उनके बीच तनाव बना हुआ था। मुख्यमंत्री पिनराई विजयन समेत माकपा के वरिष्ठ नेताओं ने हत्या की निंदा की है।