खाद्य मंत्री ने झारखंड में की छत्तीसगढ़ सरकार की ब्रांडिंग, कहा- कांग्रेस पूरा करती है अपना वादा
छत्तीसग़़ढ सरकार ने राष्ट्रीय आदिवासी महोत्सव के लिए पाकिस्तान को न्योता दिए जाने के मामले में यूटर्न लिया है। महोत्सव के लिए पाक को कोई न्योता नहीं भेजा गया।
रायपुर, राज्य ब्यूरो। छत्तीसगढ़ के खाद्य मंत्री अमरजीत भगत ने रविवार को झारखंड में छत्तीसगढ़ सरकार की जमकर ब्रांडिंग की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपना वादा पूरा करती है। छत्तीसगढ़ को देख लें, वहां कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव में जनता से जो वादा किया था, उसमें से लगभग सभी बड़े वादों को केवल 11 माह के कार्यकाल में पूरा कर दिया है।
लोहरदगा विधानसभा क्षेत्र में किया प्रचार
भगत ने रविवार को झारखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष और जनजाति आयोग के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष रामेश्वर भगत के लिए लोहरदगा विधानसभा क्षेत्र में प्रचार किया। अमरजीत भगत ने दो-तीन गांवों में कुडुक बोली में सभाएं लीं।
कांग्रेस भेदभाव की राजनीति नहीं करती
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा जनहित में काम किया है। कांग्रेस भेदभाव की राजनीति नहीं करती। हर वर्ग के विकास के लिए कांग्रेस ने काम किया है, इसका इतिहास गवाह है।
छत्तीसगढ़ की जनता ने कांग्रेस पर भरोसा जताया
अमरजीत ने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता ने कांग्रेस पर भरोसा जताया। सरकार बनाने के बाद कांग्रेस ने जनता के भरोसे को टूटने नहीं दिया।
छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार 25 सौ रुपये में खरीद रही किसानों का धान
छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार 25 सौ रुपये में किसानों का धान खरीद रही है, देश के किसी भी राज्य में किसानों को इतना पैसा नहीं मिल रहा है। सरकारी नौकरियों के खाली पदों को भरना शुरू किया गया है। कुपोषण के खिलाफ अभियान शुरू किया।
अमरजीत की मतदाताओं से अपील- झारखंड में भी कांग्रेस पर भरोसा करें
अमरजीत ने लोहरदगा के मतदाताओं से अपील की कि वे झारखंड में भी कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों पर भरोसा करें। इसके बाद अमरजीत ने ग्राम जुरिया में कांग्रेस के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बैठक ली।
छग सरकार का यूटर्न, कहा- पाक को नहीं दिया न्योता
छत्तीसग़़ढ सरकार ने राष्ट्रीय आदिवासी महोत्सव के लिए पाकिस्तान को न्योता दिए जाने के मामले में यूटर्न ले लिया है। संस्कृति विभाग ने रविवार को एक लिखित स्पष्टीकरण जारी किया है। इसमें कहा गया है कि महोत्सव के लिए पाकिस्तान को कोई न्योता नहीं भेजा गया है। राष्ट्रीय आदिवासी महोत्सव का आयोजन 27 से 29 दिसंबर तक रायपुर में प्रस्तावित है। अपनी तरह के इस पहले आयोजन में सार्क देशों को भी न्योता भेजा गया है।