'लाभ का पद' पर बनी संयुक्त समिति के लिए चुने गए पांच राज्यसभा सदस्य, जानें कौन से हैं नाम
लाभ का पद पर बनी संयुक्त समिति में 15 सदस्य होते हैं। इनमें से 10 लोकसभा और पांच राज्यसभा से चुने जाते हैं।
नई दिल्ली, प्रेट्र। 'लाभ का पद' पर गठित संयुक्त संसदीय समिति के लिए राज्यसभा के पांच सदस्य निर्विरोध निर्वाचित कर लिए गए।
सूत्रों ने गुरुवार को बताया, संयुक्त समिति में निर्वाचित होने वाले सदस्यों में भाजपा के महेश पोद्दार, तेलंगाना राष्ट्र समिति के के. केशव राव, वाईएसआर कांग्रेस के विजयसाई रेड्डी, तृणमूल कांग्रेस की डोला सेन और बीजू जनता दल के ससमित पात्रा शामिल हैं।
समिति में 15 सदस्य होते हैं। इनमें से 10 लोकसभा और पांच राज्यसभा से चुने जाते हैं। पता चला है कि समिति के लिए लोकसभा के सदस्यों का भी चुनाव हो चुका है। हालांकि, समिति अध्यक्ष का चयन अभी बाकी है।
राकेश सिन्हा प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया के सदस्य नामित
उधर, राज्यसभा के सभापति एम. वेंकैया नायडू ने भाजपा सदस्य राकेश सिन्हा को प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया का सदस्य नामित किया है। सूत्रों का कहना है कि सोनल मानसिंह (नामित) एनसीसी की केंद्रीय सलाहकार समिति में निर्विरोध निर्वाचित हुई हैं। इसी प्रकार कांग्रेस के एमवी राजीव गौड़ा नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ मेंटल हेल्थ एंड न्यूरो साइंसेज, बेंगलुरु में निर्विरोध चुने गए हैं। जदयू की कहकशां परवीन को हज समिति में नामित किया गया है।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप