इंदिरा गांधी राष्ट्रीय एकता पुरस्कार से नवाजे जाएंगे पर्यावरणविद चंडी प्रसाद भट्ट
कांग्रेस ने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की स्मृति में इस पुरस्कार की स्थापना की थी। इंदिरा गांधी की पुण्य तिथि 31 अक्टूबर के दिन भट्ट को इस पुरस्कार से नवाजा जाएगा।
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। राष्ट्रीय एकता और सद्भावना को मजबूत करने में अथक योगदान के लिए प्रसिद्ध पर्यावरणविद चंडी प्रसाद भट्ट को वर्ष 2017-18 का इंदिरा गांधी राष्ट्रीय एकता पुरस्कार देने की घोषणा की गई है। गांधीवादी दर्शन के अनुयायी चंडी प्रसाद उत्तराखंड में प्रकृति और पर्यावरण को बचाने की लड़ाई के चर्चित चेहरे भी रहे हैं।
पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और प्रसिद्ध इतिहासकार कपिला वात्सयान समेत इस पुरस्कार की चयन समिति ने सर्वसम्मति से चंडी प्रसाद भट्ट को इंदिरा गांधी राष्ट्रीय एकता पुरस्कार देने के लिए चुना।
31 अक्टूबर को भट्ट नवाजे जाएंगे पुरस्कार से
कांग्रेस ने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की स्मृति में इस पुरस्कार की स्थापना की थी। इंदिरा गांधी की पुण्य तिथि 31 अक्टूबर के दिन भट्ट को इस पुरस्कार से नवाजा जाएगा।
पुरस्कार में प्रशस्ति-पत्र और 10 लाख की नगद राशि
पुरस्कार के तहत प्रशस्ति-पत्र और 10 लाख रुपये की नगद राशि प्रदान की जाएगी। पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम, डा शंकरदयाल शर्मा, एमएस सुब्बुलक्ष्मी, अरुणा आसफ अली, मोहन धारिया, गुलजार, एमएस स्वामीनाथन, महाश्वेता देवी, गुलजार, एआर रहमान से लेकर पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी समेत कई बड़ी हस्तियों और संस्थाओं को इस पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है।
‘चिपको आंदोलन’
‘चिपको आंदोलन’ से जुड़े रहे 85 वर्षीय गांधीवादी पर्यावरणविद भट्ट को इससे पहले पद्म भूषण, रेमन मैगसायसाय और गांधी शांति पुरस्कार जैसे प्रतिष्ठित सम्मान भी मिल चुके हैं।
इंदिरा गांधी शांति पुरस्कार
इंदिरा गाँधी शांति पुरस्कार भारत की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की याद में दिया जाता है। 1984 में उनकी हत्या कर दी गई थी। उनकी स्मृति में स्थापित 'इंदिरा गांधी मेमोरिल ट्रस्ट' द्वारा वर्ष 1986 से 'इंदिरा गांधी शांति, निरस्त्रीकरण और विकास पुरस्कार' प्रति वर्ष विश्व के किसी ऐसे व्यक्ति को प्रदान किया जाता है जिसने समाज सेवा, निरस्त्रीकरण या विकास के कार्य में महत्वपूर्ण योगदान किया हो। इस पुरस्कार के अंतर्गत 25 लाख रुपए नकद, एक ट्रॉफी और प्रशस्तिपत्र प्रदान किया जाता है।