पीएनबी घोटाले में वांछित नीरव मोदी पर शिकंजा कसने सिंगापुर पहुंची ईडी की टीम
नीरव 13,500 करोड़ के पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) घोटाला मामले में वांछित है।
नई दिल्ली, आइएएनएस। भगोड़े हीरा कारोबारी नीरव मोदी पर शिकंजा कसने के लिए प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की तीन सदस्यीय टीम सिंगापुर पहुंच गई है। नीरव 13,500 करोड़ के पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) घोटाला मामले में वांछित है। टीम के सिंगापुर पहुंचने की जानकारी ईडी के सूत्रों ने दी है।
सिंगापुर में टीम वहां के अधिकारियों से मिलेंगे और पीएनबी घोटाले से संबंधित मामले को उनके सामने रखेंगे। यह दौरा इस वर्ष के शुरू में नीरव के खिलाफ दर्ज घोटाला मामले के आलोक में है। उसके खिलाफ केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआइ) ने तीन मामले दर्ज किए हैं। तीनों मामलों में अधिकांश आरोप एक जैसे हैं। पीएनबी के साथ 2011 से 2017 के बीच जालसाजी की गई थी।
बुधवार को ईडी ने मुंबई में विशेष अदालत से नीरव मोदी और उसके मामा मेहुल चोकसी को भगोड़ा घोषित करने की मांग की थी। मामले में नामित किए जाने से एक महीना पहले ही दोनों देश छोड़कर भाग निकले थे। दो जुलाई को इंटरपोल ने नीरव के खिलाफ रेड कार्नर नोटिस जारी किया है।
जनवरी के पहले सप्ताह में नीरव परिवार के साथ भारत से से भाग निकला। इसके कुछ सप्ताह बाद सीबीआइ को घोटाले की जानकारी दी गई। उसकी पत्नी अमि एक अमेरिकी नागरिक है। ये लोग छह जनवरी को और चोकसी चार जनवरी को देश छोड़कर भागे। तब से उन्हें घेरने में देश की जांच एजेंसियां जुटी हुई हैं।