राज्यसभा की दो सीटों के लिए इस तारीख को होगा उपचुनाव, EC ने की घोषणा
चुनाव आयोग ने 16 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश और बिहार में दो राज्यसभा सीटों पर उपचुनावों की घोषणा की है। ये सीटें अरुण जेटली और राम जेठमलानी की मृत्यु के बाद खाली हो गईं थी।
नई दिल्ली, एएनआइ। चुनाव आयोग ने उत्तर प्रदेश और बिहार में दो राज्यसभा सीटों पर उपचुनावों की तारीखों की घोषणा कर दी है। दोनों सीटों पर 16 अक्टूबर को चुनाव होगा। पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली और सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता और पूर्व केंद्रीय मंत्री, राम जेठमलानी की मृत्यु के बाद ये सीटें खाली हो गई थी। बता दें कि अरुण जेटली का लंबी बीमारी के बाद निधन 24 अगस्त हो गया था। तो वहीं, राम जेठमलानी की मृत्यु आठ सितंबर को हुई थी। जेटली, भाजपा से और जेठमलानी राष्ट्रीय जनता दल (RJD) से राज्यसभा सदस्य थे।
बता दें कि अरुण जेटली मार्च 2018 में वह उत्तर प्रदेश से राज्यसभा पहुंचे थे। लोकसभा चुनाव 2014 में जेटली ने अमृतसर से चुनाव लड़ा था, लेकिन कांग्रेस के कैप्टन अमरिंदर सिंह ने उनको हरा दिया था। इसके बाद राज्यसभा से वह सदन में गए थे। 28 दिसंबर 1952 को जन्मे अरुण जेटली ने 24 अगस्त 2019 को अंतिम सांस ली थी। उन्होंने दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में आखिरी सांस ली थी। वे 66 साल के थे। जेटली का कार्यकाल 2 अप्रैल 2024 को समाप्त होने वाला था
चुनाव आयोग ने बताया कि 27 सितंबर को उपचुनावों की अधिसूचना जारी की जाएगी, उसी दिन से नामांकन शुरू हो जाएंगे। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 4 अक्टूबर है। नामांकन पत्रों की जांच 5 अक्टूबर को होगी। आयोग ने कहा कि उम्मीदवारी वापस लेने की अंतिम तिथि 9 अक्टूबर है।
बिहार से 8 जुलाई 2016 को राजद के प्रतिनिधि के रूप में चुने गए जेठमलानी का कार्यकाल 7 जुलाई, 2022 तक था। बिहार में 243 विधायक हैं, जबकि उत्तर प्रदेश में 404 हैं।