सर्जिकल स्ट्राइक के हीरो हुड्डा ने राहुल को सौंपी राष्ट्रीय सुरक्षा रणनीति पर रिपोर्ट
सर्जिकल स्ट्राइक के हीरो लेफ्टिनेंट जनरल (रिटायर्ड) डीएस हुड्डा ने राष्ट्रीय सुरक्षा का विस्तृत विजन दस्तावेज कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को सौंप दी है।
नई दिल्ली (जागरण ब्यूरो)। सर्जिकल स्ट्राइक के हीरो लेफ्टिनेंट जनरल (रिटायर्ड) डीएस हुड्डा ने राष्ट्रीय सुरक्षा का विस्तृत विजन दस्तावेज कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को सौंप दिया है। 'भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा की रणनीति' पर दी गई लेफ्टिनेंट जनरल हुड्डा की इस रिपोर्ट के आधार पर कांग्रेस लोकसभा चुनाव में देश को राष्ट्रीय सुरक्षा का अपना ब्लू प्रिंट देगी।
राहुल गांधी ने उनको रिपोर्ट सौंपते लेफ्टिनेंट जनरल हुड्डा की तस्वीर ट्विटर पर शेयर करते हुए स्वयं को रिपोर्ट सौंपे जाने की जानकारी साझा की। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि वरिष्ठ सैन्य अधिकारी और उनकी टीम ने राष्ट्रीय सुरक्षा को लेकर एक व्यापक रिपोर्ट तैयार की है। अब पार्टी में इस रिपोर्ट पर व्यापक विचार-विमर्श होगा। राहुल ने लेफ्टिनेंट जनरल हुड्डा और उनकी टीम के सदस्यों के इस अहम योगदान के लिए आभार जताया।
पुलवामा आतंकी हमले के बाद राष्ट्रीय सुरक्षा पर देश को नई विजन रणनीति देने के लिए राहुल गांधी ने हुड्डा के नेतृत्व में एक टास्क फोर्स का गठन किया था। कांग्रेस अध्यक्ष को रिपोर्ट सौंपने के बाद हुड्डा ने कहा कि टीम के साथ मिलकर उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा रणनीति का विजन दस्तावेज तैयार किया है। चुनाव घोषणापत्र के साथ कांग्रेस देश से आतंकवाद और राष्ट्रीय सुरक्षा पर भी बड़ा चुनावी वादा करेगी।
लेफ्टिनेंट जनरल हुड्डा उड़ी आतंकी हमले के बाद सितंबर 2016 में पाकिस्तान के खिलाफ हुई सर्जिकल स्ट्राइक के समय सेना की कमान के कमांडर थे। सर्जिकल स्ट्राइक का संचालन भी उनके ही नेतृत्व में हुआ था। पुलवामा के बाद राष्ट्रवाद पर भाजपा के दांव को थामने के लिए राहुल गांधी ने सर्जिकल स्ट्राइक के हीरो हुड्डा की अगुआई में टास्क फोर्स बनाते हुए उनसे राष्ट्रीय सुरक्षा का विजन दस्तावेज तैयार करने का आग्रह किया था।