दिग्विजय के छोटे भाई ने अब बजट को लेकर तोड़ी पार्टी लाइन, कहा- निराशा का वातावरण बनाना अनुचित
लक्ष्मण सिंह ने कहा कि अगर बजट में खामियां हैं तो उसे उजागर करना चाहिए। आलोचना कर निराशा का वातावरण बनाना उचित नहीं है।
भोपाल, जेएनएन। मोदी सरकार के बजट की कांग्रेस भले ही आलोचना कर रही हो, लेकिन मध्य प्रदेश में उसके ही एक वरिष्ठ विधायक तथा पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के छोटे भाई इससे इत्तेफाक नहीं रखते हैं।
उन्होंने ट्वीट कर एक बार फिर अपनी पार्टी की लाइन को तोड़ते हुए टिप्पणी की है कि देश या प्रदेश का बजट पारित होते हुए उसकी समीक्षा करना उचित नहीं है। समीक्षा एक साल बाद करनी चाहिए। अगर बजट में खामियां हैं तो उसे उजागर करना चाहिए। लक्ष्मण सिंह ने कहा कि आलोचना कर निराशा का वातावरण बनाना उचित नहीं है।
देश,प्रदेश का बजट पारित होते ही समीक्षा करना उचित नहीं है।समीक्षा एक वर्ष बाद करना चाहिए।अगर उसमें खामियां हैं, तो उजागर करें,अन्यथा शुरू में आलोचना कर एक निराशा का वातावरण बनाना उचित नहीं है।— lakshman singh (@laxmanragho) February 2, 2020
गौरतलब है कि इससे पूर्व नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) सहित कई मामलों में लक्ष्मण सिंह ने पार्टी लाइन से अलग राय रखी है। पार्टी लाइन से हटकर दिए गए उनके बयानों से कांग्रेस सरकार को कई बार असहज स्थिति का सामना करना पड़ा है। केंद्र सरकार के पक्ष में उनके दिए बयानों के पक्ष में खड़े होकर भाजपा नेता कांग्रेस के लिए परेशानी का कारण बन चुके हैं। वह अपने भाई दिग्विजय सिंह के घर पर एक बार धरना भी दे चुके हैं।